लखनऊ, 07 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश के प्रभारी प्रियंका वाड्रा ने प्रदेश की जनता से सोच—समझकर जिम्मेदारी से मतदान करने की अपील की है।
प्रियंका वाड्रा ने ट्वीट किया कि ”उत्तरप्रदेश के मेरे प्यारे बहनों-भाइयों। आज अंतिम चरण का चुनाव है। प्रदेश के लिए ऐसी राजनीति चुनिए जो आपके जीवन को प्रभावित करने वाले मुद्दों की बात करे। ऐसी राजनीति चुनिए जो आपके जीवन को बेहतर बनाने का विकल्प आपके सामने रखे। सोच-समझकर जिम्मेदारी से मतदान करें।
इस बार उत्तर प्रदेश का विधान सभा चुनाव कांग्रेस पार्टी ने प्रियंका वाड्रा के नेतृत्व में लड़ा। प्रियंका ने अपने प्रचण्ड प्रचार अभियान से जनता का ध्यान भी कांग्रेस की ओर आकृष्ट किया। चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में वाराणसी में प्रियंका गांधी ने कबीर मठ को अपना ठिकाना बनाया था।
कबीर चौरा मठ प्रवास के दौरान प्रियंका गांधी ने पंडित किशन महाराज, सितारा देवी जी एवं बूंदी महाराज जैसी वाराणसी के कला जगत की हस्तियों के घर जाकर मुलाकात की थी।