जिन्होंने उत्तराखंड का विरोध किया, अब वही मतों की भीख मांग रहे हैं : मदन कौशिक

Share

देहरादून :- भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि चाहे क्षेत्रीय दल हों या राष्ट्रीय दल उन लोगों ने राज्य निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका नहीं निभाई। इन दलों के बड़े नेताओं ने कहा था कि उत्तराखंड राज्य नहीं बनना चाहिए। उत्तराखंड बनेगा तो हमारी लाश पर बनेगा। कांग्रेस कभी राज्य की पक्षधर नहीं रही।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष कौशिक ने गुरुवार को पत्रकारों बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंडियत की बात करने वाले कांग्रेस के बड़े नेताओं ने उस समय यह कहा था कि उत्तराखंड राज्य के बजाय केंद्र शासित प्रदेश बने। उनमें प्रदेश के प्रति लगाव और दर्द नहीं है। यही कारण है कि यह लोग प्रदेश के हित चिंतक नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लगातार प्रदेश का अहित किया है। उन्होंने टिकट बंटवारे के प्रश्न पर कहा कि हम लोगों ने प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। हमारे यहां केंद्रीय पार्लियामेंट बोर्ड इस मामले में महत्वपूर्ण निर्णय लेता है। हम अपनी रिपोर्ट पार्लियामेंट बोर्ड को भेजेंगे।

कांग्रेस प्रभारी देवेंद्र यादव के बावत पूरे गए प्रश्न पर प्रदेश अध्यक्ष कौशिक ने कहा कि यह कांग्रेस का आंतरिक मामला है। कांग्रेस अपने आप में लड़ती झगड़ती रहे, हमें इससे मतलब नहीं है। भारतीय जनता पार्टी कैडर बेस पार्टी है। हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में युवा मुख्यमंत्री के माध्यम से जनहित के काम कर रहे हैं जो लगातार जारी रहेगा। एक राजनीतिक दल का अध्यक्ष होने के नाते जो प्रोटोकाल है, हम उसका अनुपालन करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सेना के शीर्ष अधिकारी का अपमान किया। स्पेशल स्ट्राइक पर सवाल उठाए। आज राजनीति में उन्हीं की फोटो लगाकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस लगातार विकास और प्रदेश विरोधी है। उत्तराखंड की चाहत रखने वाले और उत्तराखंडियत का दावा करने वाले उत्तराखंड विरोधी चेहरे आज जनता से मतों की भीख मांग रहे हैं। उत्तराखंड की जनता ऐसे लोगों को सबक सिखाएगी।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के साथ उपाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र भसीन, अनिल गोयल, दीप्ति रावत समेत अन्य वरिष्ठ लोग उपस्थित थे।