-विकास के साथ पर्यावरण संतुलन पर काम कर रही सरकार: हरक सिंह
देहरादून :- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनता से आग्रह किया कि वह भेंट के दौरान उन्हें बुके न देकर पौधा भेंट कर पर्यावरण मुहिम में आगे आए। पौधरोपण कार्यक्रम केवल सरकारी कार्यक्रम तक ही सीमित न रहे। इसे जन-जन का कार्यक्रम बनाने के लिए लोगों को जागरूक किया जाए।
सहस्त्रधारा हेलीपैड के निकट एमडीडीए सिटी पार्क में पौधरोपण के मौके परमुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यह बातें कही। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों की ओर से प्रकृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए अनेक सराहनीय प्रयास किए गए। हमारी भावी पीढ़ी को हरा-भरा उत्तराखंड मिले, इस दिशा में हमें लगातार प्रयास करने होंगे। जल स्रोतों के सूखने पर मुख्यमंत्री ने चिन्ता जताते हुए कहा कि जल स्रोतों के पुनर्जीवन की दिशा में प्रयास करने होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड संस्कृति और प्रकृति का केंद्र भी है। उत्तराखंड की धरती से पर्यावरण संरक्षण का संदेश विश्वभर में जाए। पौधरोपण एवं अनेक सामाजिक कार्यों से हम सबको अपना योगदान देना होगा। उत्तराखंड राज्य बनने के बाद यहां के धार्मिक परंपराएं, रीति रिवाज का व्यापक प्रसार हुआ है।
वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ.हरक सिंह रावत ने कहा कि सरकार द्वारा विकास के साथ पर्यावरण संतुलन के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उत्तराखंड का संतुलित विकास हो, यह हम सबकी जिम्मेदारी है। कुछ कार्य आत्म संतुष्टि के लिए भी होने चाहिए। प्रकृति के साथ छेड़छाड़ का परिणाम आज सबके सामने है। प्रकृति अनेक रूपों में बदला जरूर लेती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की धरती लोगों की आस्था का केंद्र है।
इस मौके पर अपर मुख्य सचिवआनन्द वर्धन, प्रमुख वन संरक्षक राजीव भरतरी,अपर प्रमुख वन संरक्षक ज्योत्सना सिथलिंग,डी.जी.के शर्मा,जिलाधिकारी देहरादून डॉ.आशीष श्रीवास्तव,उपाध्यक्ष एमडीडीए रणवीर सिंह चौहान एवं वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।