हरिद्वार : पुलिस मुठभेड़ में बदमाश के पांव में लगी गोली - सरस जनवाद

हरिद्वार : पुलिस मुठभेड़ में बदमाश के पांव में लगी गोली

Share

हरिद्वार :- रुड़की में बीती रात बाइक सवार बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें पुलिस की ओर से चलाई गई गोली से एक बदमाश घायल हो गया। दूसरा बदमाश मौके से भागने में कामयाब रहा। पुलिस फरार बदमाश की तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार रुड़की में रविवार सुबह 11 बजे रेलवे स्टेशन के समीप बदमाशों ने सुनीता देवी निवासी पूर्वावर्ली से चेन लूटी थी। इसके बाद यह बदमाश देहरादून चले गए। देहरादून में भी बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। उसके बाद बदमाश फिर रुड़की आए और एक और लूट की घटना को अंजाम देने की फिराक में थे।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी थी। रात सूचना मिली कि बाइक सवार बदमाश तांशीपुर और पाडली गुर्जर को जाने वाले रास्ते से जा रहे हैं। इसके बाद मंगलौर कोतवाली पुलिस और रुड़की की गंगनहर कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी की। घेराबंदी होने पर बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पांव में गोली लग गई। पुलिस ने घायल बदमाश को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया।

पुलिस ने बदमाश को हिरासत में लिया और उपचार के लिए रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। इसके साथ ही पुलिस ने फरार बदमाश की तलाश शुरू कर दी है। घायल बदमाश का नाम साजिद (36) पुत्र शमशाद, मोहल्ला लकीपूरा लिसाड़ी गेट मेरठ बताया जा रहा है। हरिद्वार एसएसपी सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस ने बताया कि बाइक सवार बदमाशों को जब पुलिस ने घेरने का प्रयास किया तो उनकी ओर से पुलिस टीम पर फायरिंग की गई। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हुआ है। फरार बदमाश की तलाश की जा रही है।