गोरखपुर। गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र के अतरौलिया गांव में दंपती को नशीला पदार्थ खिलाने के आरोप में पुलिस ने सोखा रामू यादव को गिरफ्तार करके जेल भेजा है। पिपराइच पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध धारा 328 के आरोप में मुकदमा दर्ज किया था।
यह है मामला
महिला की शादी पिपराइच थाना क्षेत्र के एक गांव में करीब चार वर्ष पूर्व हुई थी। महिला के देवर का कहना है कि शादी के चार वर्ष बाद भी बच्चा ना होने भाभी-भैया निराश थे। इसी दौरान वह सोखा के संपर्क में आ गए थे। तीन दिन पूर्व महिला अपने पति के साथ सोखा के घर पहुंची थी। वहां सोखा ने भभूत में पति-पत्नी को नशीली दवा खिला दी थी। इससे दोनों अचेत हो गए। देर रात स्वजन ने फोन मिलाया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। सुबह परिजन सोखा के घर पहुंचे तो पति अचेत अवस्था में था। जबकि महिला को उल्टियां हो रही थीं। हालत बिगडऩे पर स्वजन ने महिला को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया था। महिला के रिश्तेदारों ने सख्ती से सोखा से पूछताछ की तो उसने नशीली दवा खिलाने की बात स्वीकार की थी। पिपराइच पुलिस ने आरोपित रामू यादव को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
नशीले पाउडर के साथ दो गिरफ्तार
गोरखनाथ पुलिस ने रविवार को नशीले पाउडर के साथ दो बदमाशों को गिरफ्तार किया।एनडीपीएस एक्ट का केस दर्ज कर दोपहर बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया जहां से जेल भेज दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक गोरखनाथ रामाज्ञा सिंह ने बताया कि रविवार सुबह रसूलपुर, मोतीलाल बगिया निवासी सिराजुद्दीन अंसारी व नथमलपुर, जामियानगर निवासी डेंगा उर्फ इस्तेखार को ग्रीन सिटी फेज दो में 170 ग्राम नशीले पाउडर के साथ पकड़ा गया।
पत्नी के ननिहाल आया युवक गायब
चौरीचौरा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा फुलवरिया के कुर्मी टोला में पत्नी के ननिहाल आया युवक संदिग्ध परिस्थिति में गायब हो गया है। युवक के पिता ने चौरी चौरा पुलिस को इसकी तहरीर दी है। गोंडा जिले के थाना बभनान के ग्राम कसपुर छपिया निवासी रामसजीवन ने चौरी चौरा थाने में तहरीर देकर बताया कि उनका 23 वर्षीय पुत्र सूरज दो अप्रैल को गोंडा से अपनी पत्नी के ननिहाल आया था। उसकी पत्नी पहले से ही यहीं पर थी। सूरज रात भर रहने के बाद अगले दिन शनिवार की शाम को घर जाने के लिए निकला, लेकिन घर नही पहुंचा। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।