मार्च में बॉन्ड जारी कर नगर निगम हो जाएगा मालामाल

Share

गाजियाबाद। नगर निगम मार्च में म्युनिसिपल बॉन्ड जारी करेगा। इसके लिए तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। निगम ने तीन साल की बैलेंस शीट भी तैयार करा ली है। बीते दिनों स्टार रेटिंग करने वाली एक संस्था से नगर आयुक्त की अहम बैठक हो चुकी है। निगम अधिकारियों का कहना है कि मार्च में नगर निगम का म्युनिसिपल बांड बाजार में आ जाएगा। दिसंबर में लखनऊ नगर निगम म्युनिसिपल बॉन्ड जारी कर चुका है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान कहा था कि जल्द ही गाजियाबाद नगर निगम का बॉन्ड भी मार्केट में लिस्ट हो जाएगा। इसके लिए नगर निगम अधिकारियों ने तभी से तैयारी शुरू कर दी थी। अब बीते सप्ताह सीनियर अधिकारियों और स्टार रेटिंग (क्रेडिट रेटिंग) तय करने वाली संस्था के अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के जरिए अहम बैठक हुई। नगर निगम की स्टार रेटिंग हो चुकी है। अधिकारी बाकी औपचारिकताएं पूरा करने में जुटे हैं। गाजियाबाद प्रदेश का दूसरा नगर निगम होगा जो म्युनिसिपल बॉन्ड जारी कर मार्केट से पैसा जुटाएगा।

नगर निगम म्युनिसिपल बॉन्ड के जरिए मार्केट से 200 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी कर रहा है। इस रकम को सीवरेज के शोधन का प्लांट लगाने पर खर्च किया जाएगा। नगर निगम एसटीपी के पानी को शोधित कर इंडस्ट्रीज में सप्लाई करने की योजना बना रहा है। इस योजना के लिए नगर निगम गुजरात की एक फर्म से डीपीआर भी तैयार करा चुका है। योजना के लागू हो जाने से उद्योगों की ग्राउंड वाटर पर निर्भरता खत्म हो जाएगी। जल दोहन पर भी रोक लगेगी। नगर निगम को इस प्रोजेक्ट से आमदनी भी होगी। नगर निगम उद्योगों को पानी की आपूर्ति के बदले यूजर चार्ज लेगा।