जयपुर, 29 नवंबर । भारत के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति शिवराज वी. पाटिल की चर्चित आत्मकथा ‘टाइम स्पेंट डिस्टेंस ट्रेवल्स’ के हिंदी संस्करण ‘समय, संकल्प और सफर’ का रविवार को जयपुर में आयोजित समारोह में लोकार्पण किया गया। कानोड़िया स्कूल ऑफ लॉ फॉर वीमेन एवं रांका पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय के. अग्रवाल मुख्य अतिथि एवं लोकार्पणकर्ता रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति नागेंद्र कुमार जैन ने की।
समारोह में न्यायमूर्ति दिनेश माहेश्वरी विशिष्ट अतिथि, न्यायमूर्ति जे.के. रांका विशेष अतिथि तथा आत्मकथा के लेखक न्यायमूर्ति शिवराज वी. पाटिल उपस्थित रहे। न्यायमूर्ति दिनेश माहेश्वरी ने पुस्तक का परिचय देते हुए न्यायमूर्ति पाटिल के संघर्षपूर्ण जीवन, विनम्रता और सामाजिक उत्तरदायित्व पर प्रकाश डाला। वहीं न्यायमूर्ति जे.के. रांका ने उनके अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा को प्रेरणादायी बताया।
अपने संबोधन में न्यायमूर्ति शिवराज वी. पाटिल ने एक साधारण किसान परिवार से देश की सर्वोच्च न्यायिक संस्था तक पहुंचने की अपनी जीवन यात्रा के अनुभव साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को परिश्रम, ईमानदारी और विनम्रता अपनाने की प्रेरणा देते हुए कहा कि निरंतर सीखने की प्रवृत्ति, धैर्य और कर्तव्य के प्रति समर्पण से जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है। युवाओं को चुनौतियों को अवसर में बदलने और अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं करने का संदेश भी दिया।
न्यायमूर्ति नागेंद्र कुमार जैन ने न्यायमूर्ति पाटिल के व्यक्तित्व की सादगी, निर्भीकता और कानून के गहन ज्ञान की सराहना की। मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति संजय के. अग्रवाल ने हिंदी संस्करण के लोकार्पण पर बधाई देते हुए कहा कि ऐसी जीवनगाथाएं आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनती हैं।
समारोह में विधि की छात्राओं को प्रतिष्ठित न्यायविदों के विचार और अनुभव सुनने का अवसर मिला। अंत में प्राचार्या डॉ. वर्तिका अरोड़ा ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन छात्राओं निहारिका सिंह राजावत एवं कनिष्का वर्मा ने किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
