फतेहाबाद में एक लाख की रिश्वत लेते खाद्य आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर समेत तीन गिरफ्तार

Share

फतेहाबाद, 27 नवंबर । भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने शुक्रवार को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर समेत तीन लोगों को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। एसीबी ने यह कार्रवाई गांव पिलछियां स्थित गुरु अर्जुन देव राइस मिल में जाल बिछाकर की। गिरफ्तार आरोपियों में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर यादवविंद्र सिंह गिल, विभाग का सहायक रविंद्र कुमार और मंडी में गेट पास काटने का काम करने वाला सम्राट शंकर शामिल हैं। आरोप है कि राइस मिल को अतिरिक्त धान आवंटित करवाने की एवज में रिश्वत मांगी गई थी। टीम ने रिश्वत की रकम बरामद कर तीनों को हिरासत में ले लिया। एसीबी इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान जिला बागवानी अधिकारी राजेश कुमार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पवन कुमार को शैडो विटनेस नियुक्त किया गया था। एसीबी इंस्पेक्टर के अनुसार राइस मिलर सुरेश गर्ग की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। उल्लेखनीय है कि गिरफ्तार इंस्पेक्टर यादविंद्र सिंह गिल पूर्व सांसद आत्मा सिंह गिल का पोता है।एसीबी इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह ने बताया कि गुरु अर्जुन देव राइस मिल को पहले दो लाख मीट्रिक टन धान आवंटित हुआ था। इसके बाद मिलर ने अतिरिक्त एक लाख मीट्रिक टन धान आवंटित करवाने के लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग में आवेदन किया था। आरोप है कि इस आवेदन पर कार्रवाई करने और अतिरिक्त धान आवंटित करवाने की एवज में विभागीय इंस्पेक्टर यादवविंद्र सिंह गिल ने एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता सुरेश गर्ग के अनुसार रिश्वत को लेकर बातचीत उनके बेटे मोहित के साथ हो रही थी। मिलर ने इंस्पेक्टर द्वारा रिश्वत मांगने से संबंधित फोन रिकॉर्डिंग भी एसीबी को सौंपी थी। इसके बाद एंटी करप्शन ब्यूरो ने शिकायत की जांच कर आरोपियों को पकडऩे के लिए योजना तैयार की।सहायक को रकम लेने भेजा, साथ में था गेट पास काटने वालाशुक्रवार को एसीबी की टीम ने पिलछियां स्थित राइस मिल में जाल बिछाया। टीम ने शिकायतकर्ता सुरेश गर्ग को आरोपियों से संपर्क कर रिश्वत की रकम लेने के लिए बुलाने को कहा। आरोप है कि फोन पर बातचीत के बाद इंस्पेक्टर ने खुद आने की बजाय अपने सहायक रविंद्र कुमार को रकम लेने के लिए भेज दिया। रविंद्र अपने साथ मंडी में गेट पास काटने का काम करने वाले सम्राट शंकर को भी लेकर पहुंचा। जैसे ही दोनों ने मिलर से एक लाख रुपये की रिश्वत की रकम प्राप्त की, पहले से तैयार एसीबी की टीम ने उन्हें मौके पर ही काबू कर लिया। इसके बाद मामले में नामजद विभागीय इंस्पेक्टर यादवविंद्र सिंह गिल को भी गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम ने इंस्पेक्टर के घर पर भी प्रारंभिक तलाशी ली। इस मामले में एक महत्वपूर्ण पहलू अतिरिक्त धान आवंटन के नाम पर कथित रिश्वतखोरी का भी सामने आया है। शिकायतकर्ता के आरोपों के अनुसार अतिरिक्त धान आवंटित करवाने के लिए एक लाख रुपये की मांग की गई थी।