पलामू, 27 नवंबर । जिले के हुसैनाबाद स्थित एके सिंह कॉलेज में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में संविधान गौरव दिवस के अवसर पर संविधान गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में सांसद वीडी राम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। यह केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, सामाजिक न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व का मार्गदर्शक है। संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार एवं अवसर प्रदान किए हैं और सभी नागरिकों को अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा दी है।
उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं ने भारत की विविधता, सांस्कृतिक विरासत और लोकतांत्रिक परंपराओं को ध्यान में रखते हुए एक ऐसा संविधान तैयार किया, जो विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करता है।
बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान का उल्लेख करते हुए सांसद ने कहा कि भारतीय संविधान के निर्माण में उनकी भूमिका अतुलनीय और ऐतिहासिक रही है, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस महापुरुष ने देश को संविधान देने में इतनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, उन्हें तत्कालीन कांग्रेस नेतृत्व से वह राजनीतिक सम्मान और सहयोग नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की विरासत, विचारों और योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान देने और उनके जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित करने का कार्य किया गया है।
सांसद ने विशेष रूप से उपस्थित शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं से कहा कि युवा पीढ़ी को भारतीय संविधान का अध्ययन करना चाहिए तथा उसके मूल आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।
सांसद ने संविधान की प्रस्तावना को दुहराते हुए सभी को प्रस्तावना की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान संविधान के प्रति सम्मान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया। गोष्ठी में शिक्षाविदों, प्रबुद्ध नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं ने भी संविधान के महत्व पर अपने विचार रखे।
मौके पर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अमित तिवारी, कॉलेज के सचिव प्रफुल्ल कुमार सिंह, प्राचार्य डॉ. राम सुभग सिंह, पूर्ववर्ती छात्र अभय कुमार, गौरव कुमार एवं सुश्री रिंकी कुमारी, जिला सांसद प्रतिनिधि विजय ओझा, वरिष्ठ नेता राम प्रवेश सिंह सहित कॉलेज के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
