सारण, 26 नवंबर । विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला में देर रात्रि तक विभिन्न विभागों की सहभागिता के साथ सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत पर्यटन विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग तथा विद्युत विभाग से जुड़ी प्रस्तुतियां और गतिविधियां शामिल रहीं। सारण के कलाकार धीरज राम ने लोकसंगीत और मुजफ्फरपुर की लोकगायिका इंदु बाला शर्मा ने आकर्षक लोकगीतों से दर्शकों को लोकसंस्कृति की परंपरा से जोड़ा।
गया की मोहिनी अग्रवाल ने गजल व भजन प्रस्तुत किए। वहीं रात्रि 8:00 से 10:00 बजे तक नालंदा संगीत परिषद के लोकनृत्य और सबीर की साकार कलाकृति ने बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं की सुंदर झलक दिखाई। दर्शकों ने तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित यह मेला व्यापार व पर्यटन के साथ-साथ बिहार की लोककला और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का सशक्त मंच बना हुआ है।
