जीएलए कॉलेज में पेड़ों की कटाई का विरोध में चिपको आंदोलन 2.0’ की चेतावनी

Share

पलामू, 25 नवंबर । जिले के सबसे पुराने जीएलए कॉलेज परिसर में वृक्षों की कटाई की सूचना पर अखिल पलामू छात्र संघ (आपसू) ने कड़ा विरोध जताया है। संगठन ने कॉलेज परिसर में किसी भी पेड़ की कटाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग करते हुए प्राचार्य प्रभारी डॉ़ ऋचा सिंह को बुधवार को ज्ञापन सौंपा। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि परिसर में एक भी वृक्ष काटा गया, तो संगठन की ओर से ‘चिपको आंदोलन 2.0’ शुरू किया जाएगा।

आपसू ने कॉलेज प्रशासन से वृक्ष कटाई के निर्णय और संबंधित अनुमति की जानकारी सार्वजनिक करने, परिसर के पुराने और छायादार वृक्षों को संरक्षित करने एवं विकास कार्यों में पेड़ों को बचाने के वैकल्पिक उपाय अपनाने की मांग की है। संगठन का कहना है कि विकास के नाम पर पर्यावरण का विनाश किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

आपसू नेता राहुल कुमार दुबे ने कहा कि महाविद्यालय शिक्षा का मंदिर है, जंगल उजाड़ने का केंद्र नहीं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “यदि कॉलेज परिसर में एक भी वृक्ष काटा गया, तो आपसू चुप नहीं बैठेगा। चिपको आंदोलन 2.0 शुरू होगा।”

आपसू नेता कमलेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि कॉलेज परिसर के वृक्षों को काटने की किसी भी कोशिश का संगठन पुरजोर विरोध करेगा। यदि किसी विकास कार्य के लिए पेड़ों को हटाना आवश्यक बताया जा रहा है, तो पहले उसके पर्यावरणीय प्रभाव का आकलन किया जाना चाहिए तथा पेड़ों को बचाने के वैकल्पिक उपायों पर सार्वजनिक चर्चा होनी चाहिए।

आपसू की प्रमुख मांगों में कॉलेज परिसर में वृक्षों की कटाई पर तत्काल रोक लगाने, वृक्ष कटाई से संबंधित निर्णय एवं अनुमति सार्वजनिक करने, पुराने और छायादार वृक्षों का संरक्षण सुनिश्चित करने, विकास कार्यों में वृक्षों को बचाने के वैकल्पिक उपाय अपनाने एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करना शामिल है।