खूंटी , 25 नवंबर । कर्रा थाना क्षेत्र के पदमपुर गांव में आयोजित जतरा में अवैध हथियार लहराकर लोगों में दहशत फैलाने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान कर्रा के लोधमा निवासी मेराज खान (24) के रूप में हुई है। उसके पास से देशी रिवाल्वर, एक जिंदा गोली, लोहे का पंच और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
यह जानकारी पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बुधवार को प्रेस वार्ता में दी। एसपी के अनुसार, 24 नवंबर की देर रात उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि पदमपुर जतरा में एक युवक अवैध हथियार लहराकर आम लोगों में भय पैदा कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद कर्रा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी रिवाल्वर, 7.65 एमएम की एक जिंदा गोली, लोहे का पंच (फाइटर) और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ। इस मामले में कर्रा थाना में बुधवार को कांड संख्या 69/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
छापामारी दल में कर्रा थाना के पुलिस अवर निरीक्षक रौशन कुमार, जितेंद्र राम, सहायक अवर निरीक्षक संदीप मुंडा, अनुसंधानकर्ता अरविंद कुमार तथा रिजर्व गार्ड के सशस्त्र जवान शामिल थे।
