जगदलपुर, 23 नवंबर । जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में बस्तर जिले के विद्यार्थियों का प्रदर्शन बेहतर बनाने के उद्देश्य से सोमवार को चौथे मॉक टेस्ट का आयोजन किया गया। बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा की विशेष पहल पर जिले के सभी विकासखंडों में यह अंतिम अभ्यास परीक्षा संपन्न हुई, जिसमें कुल 528 परीक्षार्थी शामिल हुए।
उल्लेखनीय है कि 28 तारीख को प्रस्तावित मुख्य चयन परीक्षा से पहले यह अंतिम मॉक टेस्ट आयोजित किया गया, ताकि अंतिम परीक्षा से पहले विद्यार्थियों का आत्मविश्वास और समय प्रबंधन और अधिक मजबूत हो सके।विकासखंडवार उपस्थिति (100 में से) के आंकड़ों के अनुसार दरभा और लोहंडीगुड़ा में सर्वाधिक 90-90 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि तोकापाल में 79, बस्तानार में 70, जगदलपुर में 67 तथा बस्तर और बकावंड में 66-66 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।
मेधावी विद्यार्थियों को सही दिशा और मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से प्रत्येक विकासखंड से शीर्ष 100-100 बच्चों का चयन किया गया था। कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में जिले के चयनित मेधावी विद्यार्थियों को बेहतर तैयारी के लिए पूर्व में ही निशुल्क अध्ययन सामग्री व पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं, साथ ही उनके संशय दूर करने और हौसला बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इससे पहले आयोजित मॉक टेस्ट में भी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी तैयारी को परखा था और छुट्टी या अन्य कारणों से केंद्र पर न पहुंच पाने वाले परीक्षार्थियों की तैयारी प्रभावित न हो, इसके लिए स्कूलों के माध्यम से भी प्रश्न-पत्र हल कराने की व्यवस्था की गई थी। अब 28 तारीख को होने वाली मुख्य परीक्षा से पहले इस चौथे मॉक टेस्ट के माध्यम से बच्चों को अपनी कमियों को सुधारने और परीक्षा के माहौल के अनुरूप खुद को ढालने का महत्वपूर्ण अवसर मिला है।
