नाबालिग किशोरी की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस

Share

खूंटी , 18 नवंबर । मुरहू थाना की रूमुतकेल पंचायत अंतर्गत जामड़ा गांव में बुधवार काे नाबालिग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र के चटकपुर निवासी संतोष टोप्पो की पुत्री अर्चना टोप्पो के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह पिछले करीब एक साल से जामड़ा गांव निवासी शुभम सोय के घर ढुकू प्रथा के तहत रह रही थी।

घटना बुधवार की तडके सुबह करीब साढ़े तीन से चार बजे के बीच की बताई जा रही है। ग्रामप्रधान के अनुसार, सुबह करीब चार बजे उन्हें सूचना मिली कि शुभम सोय के घर के आंगन में स्थित डांभा के पेड़ से फंदे पर अर्चना का शव लटका हुआ है। इसके बाद ग्रामप्रधान ने गांव में हंकवा कराया। बाद में ग्रामसभा की बैठक कर पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर मुरहू पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव शुभम सोय के परिजनों को सौंप दिया गया। हालांकि, गांव में शव रखे जाने के बावजूद अब तक अंतिम संस्कार नहीं किया गया है। ग्रामप्रधान के अनुसार, मृतका के परिजन शव को महुआडांड़ स्थित चटकपुर ले जाने की बात कह रहे हैं।

इधर, पुलिस सूत्रों के अनुसार, अर्चना के माता-पिता को घटना की सूचना दे दी गई है, लेकिन वे अभी तक थाना नहीं पहुंचे हैं। पुलिस को अब तक कोई लिखित शिकायत भी नहीं मिली है। परिजनों के आने और उनके बयान का इंतजार किया जा रहा है।

मामले की जांच और सुरक्षा के दृष्टिकोण से शुभम सोय को पुलिस थाने में बैठाकर रखा गया है। वहीं, ग्रामीण भी मृतका के परिजनों के पहुंचने और आगे की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।