कांकेर, 18 नवंबर । जिले के पखांजूर में म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल कर 1 करोड़ से ज्यादा की ठगी करने वाले दो आरोपितों सिराज बैरागी (25 वर्ष), निवासी पीव्ही-42 विद्यानगर एवं सूरज दास (25 वर्ष), निवासी पीव्ही-13 श्यामनगर को पुलिस ने बुुधवार काे पखांजूर से गिरफ्तार किया है। आरोपित इन बैंक खाते के माध्यम से देश के अलग-अलग राज्यों में साइबर ठगी की रकम का लेन-देन कर रहे थे। जांच में इस बैंक खाते के खिलाफ विभिन्न राज्यों से कुल 12 साइबर शिकायतें दर्ज होने का खुलासा हुआ है। वहीं, खाते के जरिए 1 करोड़ 1 लाख 64 हजार 435 रुपये की ठगी से संबंधित रकम का लेन-देन सामने आया है।
पखांजूर एडिशनल एसपी राकेश कुर्रे के अनुसार, पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और ठगी में इस्तेमाल हो रहे म्यूल बैंक खातों की जांच की जा रही है। इसी दौरान थाना पखांजूर क्षेत्र के छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के एक खाते की जांच में साइबर ठगी की रकम के लेन-देन का मामला सामने आया।
जांच में बैंक खाता धारक सिराज बैरागी (25 वर्ष), निवासी पीव्ही-42 विद्यानगर की संलिप्तता पाए जाने पर थाना पखांजूर में धारा 318(2), 318(4) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। पूछताछ के दौरान सिराज ने अपने साथी सूरज दास (25 वर्ष), निवासी पीव्ही-13 श्यामनगर के साथ मिलकर धोखाधड़ी कर प्राप्त रकम का बैंक खाते के माध्यम से लेन-देन करना स्वीकार किया है। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की पासबुक, एक पैन कार्ड और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस अब आरोपितो के बैंकिंग लेन-देन और साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुर्रे, एसडीओपी कुलदीप बंजारे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तेज कुमार वर्मा सहित थाना पखांजूर पुलिस और साइबर सेल कांकेर की टीम का याेगदान रहा । कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि कमीशन या लालच में आकर अपना बैंक खाता किसी दूसरे व्यक्ति को इस्तेमाल करने के लिए न दें। बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, ओटीपी, यूपीआई पिन और इंटरनेट बैंकिंग की जानकारी किसी से साझा न करें।
