सुलतानपुर, 16 नवंबर । उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर मे अखंडनगर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम चाकू से हमला कर दिलीप कुमार चौहान (30) की हत्या कर दी गई। उनका साथी अनिल कुमार सिंह उर्फ सोनू (32) गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों पतजू पहाड़पुर गांव के पास खेत देखने और शौच के लिए गए थे।
दिलीप अपने छोटे भाई के बरीक्षा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए तीन दिन पहले पुणे से गांव आए थे। हमला सैदपुर पुल के पास, सुल्तानपुर सीमा पर पतजू पहाड़पुर और सैधैली गांव के नजदीक हुआ।
अनिल सिंह के मुताबिक, वहां पहले से कुछ युवक मौजूद थे। अनिल के मुताबिक, हमलावरों ने शराब की बोतल फोड़कर हमला किया। दोनों बोतल के वार से बचने की कोशिश कर रहे थे, तभी हमलावरों ने चाकू से वार शुरू कर दिए। दोनों अलग-अलग दिशाओं में भागे और बचने के लिए संघर्ष किया।
चाकू के वार से दिलीप वहीं गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। अनिल भी गंभीर रूप से घायल हुए। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो हमलावर भाग गए।
अनिल को सीएचसी अखंडनगर ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल भेज दिया। दिलीप जौनपुर जिले के सरपतहा थाना क्षेत्र के बांधगांव निवासी नरेंद्र बहादुर चौहान के बेटे थे।
मृतक दिलीप पुणे में टाइल्स लगाने का काम करते थे। उनके छोटे भाई विशाल (27) का 14 नवंबर को बरीक्षा कार्यक्रम था, जिसमें शामिल होने के लिए वे 13 नवंबर को ही पुणे से गांव आए थे। साल 2023 में ही दिलीप की शादी हुई थी। उनके परिवार में पत्नी अनीता, ढाई साल की मासूम बेटी रितिका और दो छोटे भाई विशाल व विकास हैं। भाई की शादी की तैयारियों के बीच हुई इस हत्या से पूरे गांव में मातम पसरा है।
मृतक के पिता नरेंद्र बहादुर चौहान ने थाना अखंडनगर में लिखित तहरीर देकर पुरानी रंजिश के तहत हत्या का आरोप लगाया है। तहरीर में शिवम चौहान, शिब्बू, आरिफ, शुभम और अवनीश समेत कुल 6 लोगों को आरोपी बनाया गया है।
कादीपुर सीओ विनय गौतम ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और तहरीर व घायल के बयान के आधार पर आरोपियों की धरपकड़ और विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
