अमित भगत हत्याकांड में एसआईटी ने दो आरोपी को किया गिरफ्तार,एक विधि विरुद्ध बालक हिरासत में

Share

जिले के कुर्साकांटा के पहुंसी में शनिवार को दिनदहाड़े हुए मोहरिल अमित भगत हत्याकांड मामले में एसपी जितेन्द्र कुमार द्वारा गठित एसआईटी ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।वहीं एक विधि विरुद्ध बालक को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।इस बात की पुष्टि एसपी जितेन्द्र कुमार ने की।

गिरफ्तार आरोपियों में कुआड़ी थाना के पहुंसी गांव के रहने वाले वृक्ष लाल सिंह पिता स्व.मोहन सिंह और लक्ष्मण सिंह पिता सत्तन सिंह है।पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिकअप गाड़ी,घटना के बाद भागने में उपयोग में लाया गया मोटरसाइकिल और दो खोखा बरामद किया है।

उल्लेखनीय हो कि 14 नवम्बर को सुबह साढ़े नौ बजे कुआड़ी थाना क्षेत्र के पहुंसी में अमृत कुमार भगत उर्फ अमित भगत, पिता बद्रीनाथ भगत की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

सूचना प्राप्त होते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर घायल को अस्पताल पहुंचाया था, जहां उपचार के दौरान चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराने के उपरांत परिजनों को सौंप दिया गया।

घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए एफएसएल टीम को बुलाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी जितेन्द्र कुमार ने सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सुशील कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल एसआईटी का गठन किया।गठित एसआईटी ने प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे अवैध सम्बन्ध को लेकर विवाद होने की बात कह रही है।घटना के संबंध में कुआड़ी थाना कांड संख्या 108/26, दिनांक 14.11.2026, धारा 103(2),61(2)(ए),125(बी),3(5) भारतीय न्याय संहिता एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के अंतर्गत नौ नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।

कुआड़ी थाना पुलिस ने कांड के दो नामजद अभियुक्तों वृक्ष लाल सिंह एवं लक्ष्मण सिंह को गिरफ्तार किया है। मृतक के घर से निकलने की सूचना देने के आरोप में एक विधि-विरुद्ध बालक लाइनर को निरुद्ध किया गया है।अन्य अभियुक्तों की गिरफ़्तारी हेतु लगातार छापामारी एवं अनुसंधान जारी होने की बात एसपी ने कही।