दोहा विश्व चैंपियनशिप में भारत ने रचा इतिहास, 2028 ओलंपिक के लिए पहले ही मुकाबले में मिले तीन कोटा

Share

नई दिल्ली, 16 नवंबर । भारतीय निशानेबाजों ने दोहा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आईएसएसएफ) विश्व चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए लॉस एंजिलिस ओलंपिक-2028 के लिए तीन कोटा स्थान हासिल किए हैं। इसके साथ ही भारत ने कम से कम पिछले पांच ओलंपिक चक्रों में अपनी सबसे शानदार शुरुआती ओलंपिक क्वालीफिकेशन उपलब्धि दर्ज की है।

लंदन ओलंपिक-2012 से लेकर लॉस एंजिलिस ओलंपिक-2028 तक के पांच लगातार ओलंपिक चक्रों में यह पहला अवसर है, जब भारतीय निशानेबाजों ने पहले ही क्वालीफाइंग टूर्नामेंट में तीन कोटा हासिल किए हैं। खास बात यह है कि तीनों कोटा राइफल, पिस्टल और शॉटगन स्पर्धाओं में विश्व चैंपियनशिप के पदक जीतकर मिले हैं।

जयपाल मालवीय ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीतकर भारत का खाता खोला। इसके बाद नीरज कुमार ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में कांस्य पदक हासिल किया, जबकि विवान कपूर ने पुरुषों की ट्रैप स्पर्धा में रजत पदक जीतकर भारत को तीसरा ओलंपिक कोटा दिलाया।

भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) के अध्यक्ष कालिकेश नारायण सिंह देव ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए एक आधिकारिक बयान में कहा, “ओलंपिक चक्र की शुरुआत में ही पहली विश्व चैंपियनशिप में तीन कोटा हासिल करना इससे जुड़े सभी लोगों के लिए बहुत बड़ा प्रोत्साहन है। मुझे सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि राइफल, पिस्टल और शॉटगन तीनों स्पर्धाओं में पदक मिले हैं। आमतौर पर इस तरह की लय बनने में कुछ विश्व कप लग जाते हैं। ऐसे में इतनी जल्दी तीन कोटा हासिल होने से टीम पर दबाव काफी कम होगा और हमारे कोचिंग स्टाफ को लॉस एंजिलिस की तैयारी की योजना बनाने के लिए स्पष्ट दिशा मिलेगी।”

दोहा में भारत का प्रदर्शन पिछले चार ओलंपिक चक्रों की शुरुआती क्वालीफाइंग प्रतियोगिताओं से बेहतर रहा। लंदन ओलंपिक-2012 से पहले 2010 में म्यूनिख विश्व चैंपियनशिप में भारत ने दो कोटा हासिल किए थे। रियो ओलंपिक-2016 से पहले 2014 की ग्रेनाडा विश्व चैंपियनशिप में एक कोटा मिला था। टोक्यो ओलंपिक-2020 से पहले 2018 की चांगवोन विश्व चैंपियनशिप में भारत को दो कोटा मिले थे। वहीं, पेरिस ओलंपिक-2024 से पहले 2022 में ओसिजेक शॉटगन विश्व चैंपियनशिप और काहिरा राइफल-पिस्टल विश्व चैंपियनशिप में भारत ने कुल दो कोटा हासिल किए थे।

एनआरएआई के महासचिव पवनकुमार सिंह ने दोहा में निशानेबाजों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा, “विश्व चैंपियनशिप में ओलंपिक कोटा हासिल करना कभी आसान नहीं होता, क्योंकि दुनिया के सभी शीर्ष निशानेबाज एक ही प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हैं। जयपाल, नीरज और विवान ने बेहद कड़े फाइनल मुकाबलों में अपना संयम बनाए रखा और शानदार प्रदर्शन से ये कोटा हासिल किए। हमारी उच्च प्रदर्शन टीम और कोचों ने इस मुकाम तक पहुंचाने के लिए पर्दे के पीछे कई महीनों तक मेहनत की है। हम अगले दो वर्षों में इसी शुरुआत को आगे बढ़ाते रहेंगे।”

तीन ओलंपिक कोटा के अलावा भारत ने दोहा विश्व चैंपियनशिप में कुल 13 पदकों के साथ शानदार अभियान का समापन किया। भारत ने दो स्वर्ण, सात रजत और चार कांस्य पदक जीते और समग्र पदक तालिका में दूसरा स्थान हासिल किया।

– पेरिस ओलंपिक-2024: 2022 ओसिजेक शॉटगन और काहिरा राइफल-पिस्टल विश्व चैंपियनशिप में दो कोटा।