अजमेर, 12 नवम्बर। शुद्धि आंदोलन के महान नायक स्वामी श्रद्धानंद की बलिदान शताब्दी पर अजमेर के ऋषि उद्यान में 13 नवंबर से देश भर से हजारों आर्य जन जुटेंगे। इस दौरान भ्रम और लालच में फंसाकर हिंदुओं को विधर्मी बनाने के षड्यंत्र के खिलाफ रणनीति बनाई जाएगी। बलिदान शताब्दी समारोह में देश के प्रख्यात आर्य संन्यासी एवं विद्वानों के प्रवचन होंगे। समारोह के पहले दिन प्रातः सत्र के मुख्य अतिथि गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत होंगे। केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी भी कार्यक्रम शामिल होंगे। अंतिम दिन राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी का उद्बोधन होगा। समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सतीश पूनिया और पूर्व मंत्री अनिता भदेल को भी आमंत्रित किया गया है।
परोपकारिणी सभा के प्रधान ओम मुनि एवं परोपकारिणी सभा के संयुक्त मंत्री डॉक्टर दिनेश चंद्र शर्मा का कहना है कि आजादी से पहले हिंदुओं को बड़ी संख्या में भय,भ्रम और लालच के बल पर विधर्मी बनाया गया। स्वामी श्रद्धानंद ने इस खतरे को समझा और हिंदुओं की घर वापसी के लिए शुद्धि आंदोलन चलाया। उन्होंने हजारों की तादाद में हिंदुओं की वापसी कराई। इसी आंदोलन के कारण 23 दिसंबर 1826 को उनका बलिदान हुआ। वर्तमान में भी आर्थिक रूप से कमजोर एवं भोले भाले हिंदुओं को भ्रम और लालच में फंसाकर उनका धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। इस षड्यंत्र को विफल करने के लिए आर्य समाज के देश भर के प्रमुख वैदिक विद्वान और संन्यासी यहां ऋषि उद्यान में इस पर 13 नवंबर से 15 नवंबर तक चर्चा करेंगे। इस तीन दिवसीय समारोह में स्वामी श्रद्धानंद के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चर्चा के साथ महर्षि दयानंद शिक्षाओं के प्रचार प्रसार की योजना भी बनाई जाएगी।
परोपकारिणी सभा के मंत्री कन्हैयालाल आर्य ने बताया कि शुद्धि आंदोलन के महान नायक स्वामी श्रद्धानंद
स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षाविद,समाज-सुधारक, धर्म प्रचारक थे । स्वामी श्रद्धानंद के बलिदान के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आर्य समाज उनकी बलिदान शताब्दी मना रहा है। पंजाब के जालंधर जिले के तलवन ग्राम में जन्मे मुंशीराम के जीवन में महर्षि दयानंद से मुलाकात के बाद क्रांतिकारी बदलाव आया। वे संन्यास दीक्षा ग्रहण करने के बाद स्वामी श्रद्धानंद कहलाए। उन्होंने समाज जागरण के विविध क्षेत्रों में काम किया।भारतीय शिक्षा व्यवस्था पर अंग्रेजों के हमले को विफल करने के लिए उन्होंने गुरुकुल काँगड़ी की स्थापना की । इसे प्राचीन वैदिक शिक्षा प्रणाली के आधार पर एक वैकल्पिक शिक्षा संस्था के रूप में विकसित किया। गुरुकुल में जिसमें भारतीय संस्कृति, वेदों सहित समस्त भारतीय वांग्मय और आधुनिक समकालीन विषयों की शिक्षा दी गई। पिछड़ी जातियों के लोगों के साथ भेदभाव के विरुद्ध स्वामी श्रद्धानंद ने जोरदार अभियान शुरू किया । सामाजिक कुरीतियों से मुक्ति कार्य में उनकी सक्रियता के कारण भारतरत्न डॉ. बी.आर.आम्बेडकर भी उन्हें सामाजिक और आर्थिक दुर्बल वर्गों का एक महान और सच्चा हितैषी मानते थे। स्वतंत्रता आंदोलन में समाज जागृति हेतु उन्होंने पत्र-पत्रिकाओं का प्रकाशन कर अंग्रेजों के झूठ, कपटऔर षडय़ंत्रों को उजागर करते हुए निर्भीक, अडिग और सिद्धांतनिष्ठ पत्रकारिता के प्रतिमान प्रस्तुत किए। हिन्दू समाज निरंतर मतान्तरण का शिकार हो रहा था, ऐसे मतान्तरित लोगों की पुन: हिन्दू धर्म में वापसी के द्वार बंद थे, ऐसी परिस्थिति में स्वामी जी ने शुद्धि आंदोलन के माध्यम से हिन्दुओं को वापस लाने का कार्य किया। मोपला नरसंहार के बाद स्वामी जी ने शुद्धि आंदोलन के द्वारा केरल सहित देश भर में हजारों लोगों की घरवापसी की। स्वामी जी के इस आंदोलन से नाराज होकर 23 दिसम्बर 1926 को अब्दुल रशीद नामक एक मतांध व्यक्ति ने दिल्ली में उनकी हत्या कर दी ।
