सारण, 12 नवंबर । मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को सारण जिले के मांझी प्रखंड स्थित रामघाट का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को रामघाट के दोनों तरफ स्थित पुलों तक घाट का विस्तार एवं विकास करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने इसके पूर्व दलन सिंह उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज में स्वतंत्रता सेनानी स्व दलन सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा सेवा संकल्प-सह-कायाकल्प अभियान के अंतर्गत विकसित आधुनिक प्रयोगशालाओं का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने दलन सिंह उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज में नवनिर्मित स्पेस साइंस एंड इनोवेशन लैब, आईएसएम लैब, आईसीटी लैब, बायोलॉजी लैब, केमिस्ट्री लैब एवं लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आधुनिक प्रयोगशालाओं के स्थापित होने से उन्हें विषयों को समझने और प्रायोगिक ज्ञान प्राप्त करने में काफी मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यालय की लाइब्रेरी में भी कंप्यूटर लगाए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा मिल सके।
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने रामघाट स्थित अटल वाटिका, यज्ञशाला एवं मां सरयू कैफे (दीदी की रसोई) का निरीक्षण किया। उन्होंने बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड द्वारा 8 करोड़ 20 लाख रुपये से अधिक की लागत से कार्यान्वित रिवर फ्रंट डेवलपमेंट परियोजना-रामघाट, अटल द्वार का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने अटल वाटिका का भी उद्घाटन किया तथा पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। हर वर्ष अटल उत्सव मनाया जायेगा।
रामघाट के समीप आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रामघाट आना मेरे लिए गर्व का विषय है। यह वह पवित्र स्थल है, जहां प्रभु श्रीराम के आगमन और सरयू नदी में स्नान की धार्मिक मान्यता जुड़ी हुई है। छठ महापर्व से पहले रामघाट का लोकार्पण श्रद्धालुओं के लिए काफी सुविधाजनक होगा। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग खूबते सूर्य को भी प्रणाम करते हैं, जबकि दुनिया में प्रायः उगते सूर्य को ही प्रणाम किया जाता है। यह हमारी संस्कृति और परंपरा की विशेषता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के प्रेरणादायी नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी निरंतर आगे बढ़ी। उन्होंने 32 राजनीतिक दलों को एकजुट कर एन०डी०ए० का गठन किया और तीन बार देश के प्रधानमंत्री बने। आज उनकी प्रतिमा का अनावरण करने का अवसर मिलना मेरे लिए गौरव की बात है।
अटल बिहारी वाजपेयी ने बिहार के विकास के लिए विशेष पैकेज के तहत तत्कालीन मुख्यमंत्री के आग्रह पर चार वर्षों तक प्रतिवर्ष 4,000 करोड़ रुपये उपलब्ध कराया था। वर्ष 2005 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में विकास कार्यों को नई गति मिली और उस राशि का उपयोग सड़क, बिजली सहित अन्य आधारभूत संरचनाओं के विकास में किया गया।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर रामघाट पर राजकीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार बदल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प के साथ निरंतर काम कर रहे हैं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्ध बिहार के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। हमारा लक्ष्य है कि बिहार के बच्चों को गुणक्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़े, इसके लिए राज्य में 700 मॉडल स्कूल स्थापित किए गए हैं। लगभग 3.50 लाख विद्यार्थियों को विद्यार्थी साथी ऐप के माध्यम से ऑनलाइन शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। विद्यार्थियों की पढ़ाई को लेकर प्राप्त रिपोर्ट में यह सामने आया है कि रात एक बजे भी लगभग 1.40 लाख से 1.80 लाख विद्यार्थी ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प-सह-कायाकल्प अभियान के तहत विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य केंद्रों को सुदृढ़ किया जा रहा है तथा आवश्यकता के अनुसार नए निर्माण कार्य भी कराए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में 22 हजार करोड़ रुपये की योजनाओं को 31 मार्च से पहले शुरू करने का निर्देश दिया गया है। इससे राज्य के विकास को नई गति मिलेगी और बिहार का परिदृश्य बदलेगा। प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया जाता है। हमारा लक्ष्य राज्य के एक करोड़ पात्र लोगों को राशन कार्ड उपलब्ध कराना है। अब तक 24 लाख लोगों को राशन कार्ड उपलब्ध कराया जा चुका है तथा 1,400 नए डीलर भी बनाए गए हैं। शेष 78 लाख पात्र लोगों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे इस अभियान से जुड़कर सभी पात्र लोगों तक योजना का लाभ पहुंचाने में सहयोग करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांव-गांव तक बिजली पहुंचाने का संकल्प लिया था। उस समय तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी ने घर-घर बिजली पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया। आज बिहार में 22 से 23 घंटे तक बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। राज्य में लगभग 1 करोड़ 92 लाख घरेलू बिजली उपभोक्ता है। सरकार द्वारा प्रत्येक घरेलू उपभोक्ता को 125 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने सक्षम एवं समृद्ध लोगों से अपील की कि वे स्वेच्छा से 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ छोड़कर राज्यहित में योगदान दें। उन्होंने गरीब घरेलू बिजली उपभोक्ताओं से अगले 25 वर्षों तक बिजली बिल से मुक्ति की दिशा में सौर ऊर्जा अपनाने का आह्वान किया। इसके लिए घरों की छतों पर 1.1 किलोवाट का सोलर पैनल लगाने हेतु आवेदन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि बिजली के क्षेत्र में प्रत्येक परिवार को 8 से 10 हजार रुपये तक का अनुदान भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामघाट का संबंध प्रभु श्रीराम से है और इस पवित्र स्थल को विकसित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरयू नदी में पानी का बहाव काफी तेज रहता है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यहां एसडीआरएफ की एक टीम प्रतिनियुक्त करने का निर्देश दिया गया है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ नदियों से गाद निकालने को लेकर भी समझौता किया गया है। नदियों से निकलने वाले गाद का उपयोग सड़क, बांध एवं अन्य निर्माण कार्यों में किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियों का जलस्तर बढ़ने से जिन किसानों के खेत खूब गए थे, उन्हें मुआवजा दिया गया है। जिन किसानों के खेतों में नदी से बालू एवं गाव जमा हुआ है, उन्हें भी गाद नीति के तहत आपदा प्रबंधन विभाग के माध्यम से मुआवजा उपलब्ब कराने के लिए जिलाधिकारी को निर्देश दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़े, इसके लिए राज्य में उद्योगों की स्थापना की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से चालू करने की योजना बनाई गई है। बिहार में एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी एवं रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैशाली आएंगे, जहां विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बिहार आगमन के दौरान पांच नई चीनी मिलों की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी जी से मिलकर आरा से लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जन्मस्थली सिताबदियारा को जोड़ने के लिए पीपा पुल के स्थान पर स्थायी पुल निर्माण कराने का आग्रह किया गया है। उन्होंने इस कार्य को सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया है।
मुख्यमंत्री ने छठ महापर्व के अवसर पर सभी श्रद्धालुओं से छठी मैया से बिहार की समृद्धि और भारत को विकसित बनाने की प्रार्थना करने की अपील की। जनसभा को सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधायक रणधीर कुमार सिंह तथा बुडको के प्रबंध निदेशक अनिमेष पाराशर ने भी संबोधित किया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को हरितगुच्छ, अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर तथा फूल मालाओं से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, विधायक रणधीर कुमार सिंह, विधायक जनक सिंह, विधायक केदारनाथ सिंह, विधायक छोटी कुमारी, विधान पार्षद संजय मयूख, विधान पार्षद प्रो डॉ वीरेंद्र नारायण यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, बुङको के प्रबंध निदेशक अनिमेष पराशर, सारण क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक नितेश कुमार,जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार सहित अन्य वरीय पदाधिकारी एवं आमजन उपस्थित थे।
