दिवाली के बाद राजस्थान की आबोहवा बिगड़ी, श्रीगंगानगर में एक्यूआई 346, प्रदूषण मंडल ने 17 शहरों में सुधार का किया दावा

Share

जयपुर, 10 नवंबर । दीपावली पर आतिशबाजी के बाद राजस्थान के कई शहरों की आबोहवा बिगड़ गई है। हवा में धुंध की चादर छाने के साथ कई स्थानों पर दृश्यता भी प्रभावित हुई है। मंगलवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 346 एक्यूआई के साथ श्रीगंगानगर प्रदेश का सबसे प्रदूषित शहर रहा। वहीं, अलवर में 326, बीकानेर में 300, चूरू में 283 और भिवाड़ी में 282 एक्यूआई दर्ज किया गया। इसके अलावा हनुमानगढ़ में 275, उदयपुर और नागौर में 270 तथा कोटा में 265 एक्यूआई रहा। जयपुर के छह निगरानी केंद्रों का औसत प्रदूषण स्तर भी 280 के आसपास दर्ज किया गया। दीपावली की रात और सोमवार को कई स्थानों पर एक्यूआई 360 तक पहुंच गया था। मंगलवार को इसमें गिरावट के साथ स्तर करीब 240 तक दर्ज किया गया।मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वाहनों का धुआं, औद्योगिक उत्सर्जन और उड़ती धूल भी वायु प्रदूषण बढ़ाने में योगदान दे रहे हैं। हवा की गति धीमी रहने के कारण आगामी दो-तीन दिनों में प्रदूषण से राहत मिलने की संभावना कम है।वरिष्ठ अस्थमा रोग विशेषज्ञ डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रदूषण के कारण गले में खराश और आंखों में खुजली जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं। अस्थमा के मरीजों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने लोगों को मास्क लगाने, हल्की धूप निकलने के बाद ही मॉर्निंग वॉक करने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी।दूसरी ओर राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल ने दीपावली के अवसर पर वायु और ध्वनि प्रदूषण की निगरानी के आधार पर प्रदेश के कई शहरों में सुधार का दावा किया है। मंडल के अनुसार, पिछले वर्ष की तुलना में इस बार दीपावली पर प्रदेश के 34 शहरों में से 17 शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में कमी दर्ज की गई। दीपावली के दिन आठ नवंबर को दौसा में प्रदेश का न्यूनतम एक्यूआई 124 और खैरथल में अधिकतम 362 दर्ज किया गया। दौसा में पिछले वर्ष की तुलना में एक्यूआई में सर्वाधिक 44.4 प्रतिशत और भीलवाड़ा में 43.5 प्रतिशत की कमी रही। मंडल की ओर से प्रदेश के 37 जिलों में 50 स्थानों पर स्थापित सतत परिवेशी वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों के माध्यम से 24 घंटे प्रदूषण पर नजर रखी जा रही है।राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के सदस्य सचिव कपिल चंद्रवाल ने बताया कि दीपावली के अवसर पर प्रदेश के 25 जिलों में 58 स्थानों पर ध्वनि प्रदूषण की तुलनात्मक जांच की गई। इसमें पिछले वर्ष की तुलना में इस बार 12 शहरों में दिन के समय और 13 शहरों में रात के समय ध्वनि प्रदूषण में कमी दर्ज की गई।उन्होंने बताया कि बांसवाड़ा में दिन के समय ध्वनि प्रदूषण में 25.4 प्रतिशत और रात के समय 38.6 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। वहीं, दिन के समय झुंझुनूं में ध्वनि प्रदूषण 16.6 प्रतिशत और रात के समय भिवाड़ी में 8.2 प्रतिशत बढ़ा। दिन में सर्वाधिक ध्वनि स्तर झुंझुनूं में 84.1 डेसीबल और रात में अजमेर में 86 डेसीबल दर्ज किया गया।जयपुर में आठ स्थानों पर किए गए अध्ययन में राजा पार्क में दिन के समय ध्वनि प्रदूषण में सर्वाधिक 14.3 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। मानसरोवर में रात के समय 3.7 प्रतिशत की कमी रही। हालांकि, सीतापुरा और मानसरोवर में दिन के समय ध्वनि प्रदूषण में 9.3 प्रतिशत तथा सीतापुरा में रात के समय 8.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। जयपुर में दिन के समय सर्वाधिक ध्वनि स्तर मानसरोवर में 86.6 डेसीबल और रात के समय राजा पार्क में 91.4 डेसीबल रहा।