शुद्धता का भरोसा नगर निगम की अनूठी पहल से आत्मनिर्भर बनेंगी स्वयं सहायता समूह की महिलाएं

Share

पिछले वर्ष त्योहारों के दौरान बाजार में बिकने वाले खिले बतासों की गुणवत्ता एवं शुद्धता को लेकर प्राप्त शिकायतों के दृष्टिगत नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम द्वारा इस वर्ष एक विशेष पहल की गई है।

जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा स्थानीय महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को विशेष प्रशिक्षण प्रदान कर शुद्ध एवं स्वच्छ तरीके से खिले बतासे तैयार करवाए हैं।

इस पहल के अंतर्गत हल्द्वानी शहर में दो विशेष स्टॉल स्थापित किए गए हैं, जहां आम नागरिकों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खिले बतासे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। आज स्टॉलों का पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, सांसद अजय भट्ट व दर्जाधारी सुरेश भट्ट ने खिले बतासे खरीदे। उन्होंने इस पहल के माध्यम से स्थानीय महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास को प्रोत्साहन दिया।

इस अवसर पर महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य त्योहारों के दौरान नागरिकों को शुद्ध एवं स्वच्छ खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्थानीय महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, राज्य मंत्री शंकर कोरंगा, ध्रुव रौतेला, मोहन पाठक, पार्षद धीरज पाण्डेय, सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।