उदयपुर, 08 नवंबर । घासा थाना क्षेत्र में दो दिन से लापता 50 वर्षीय महिला का शव रविवार को एक बिना मुंडेर के कुएं में तैरता मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। रात अधिक होने के कारण शव को बाहर नहीं निकाला जा सका। रविवार सुबह सिविल डिफेंस की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द किया।
मृतका की पहचान प्रेमी बाई (50) पत्नी खेमराज गायरी निवासी काला खेत के रूप में हुई है।
थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह शक्तावत ने बताया कि महिला 6 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे शौच के लिए घर से बाहर गई थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और महिला की तलाश शुरू की गई।
तलाश के दौरान रात में महिला का शव गांव के पास स्थित एक बिना मुंडेर के कुएं में तैरता हुआ मिला। अंधेरा अधिक होने के कारण रात में शव निकालने में परेशानी हुई।
रविवार सुबह सिविल डिफेंस की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार महिला किसान परिवार से थी। उसका एक बेटा है, जो बाहर नौकरी करता है। पूछताछ में सामने आया कि महिला को आंखों से धुंधला दिखाई देता था। परिजनों के अनुसार वह पहले भी दो-तीन बार लापता हो चुकी थी।
प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि कम दिखाई देने के कारण महिला का पैर कुएं में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने घटना के अन्य संभावित पहलुओं को भी जांच में शामिल किया है। शव को बाहर निकालने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
