शिमला में नेपाली युवक से 50.17 ग्राम चिट्टा बरामद, गिरफ्तार

Share

शिमला, 08 नवंबर । शिमला जिला के जुब्बल थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक नेपाली युवक को 50.17 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ नियंत्रण अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान संजू राही उर्फ माधव (29) पुत्र प्रेम राही निवासी गांव सेगांव, डाकघर इंदरपुर, नेपाल के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार छह नवंबर को रात करीब 12:35 बजे रोहड़ू उपमंडल की डिटेक्शन सेल में तैनात हेड कांस्टेबल विशाल नैणटा अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इस दौरान हाटकोटी के पास गलू में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 50.17 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। यह बरामदगी एक स्वतंत्र गवाह की मौजूदगी में की गई। हेड कांस्टेबल विशाल नैणटा की लिखित शिकायत पर जुब्बल पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि मामले की आगे की जांच एएसआई प्यार सिंह को सौंपी गई है, जो सरस्वती नगर पुलिस चौकी के प्रभारी हैं।