सीहोर, 03 नवंबर । मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के बुधनी क्षेत्र में मिडघाट नेशनल हाईवे पर मंगलवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कंटेनर ने सड़क पार कर रहे भेड़ों के झुंड को कुचल दिया। हादसे में करीब 100 भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दर्जनों भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब ढाई से तीन बजे भेड़ पालक अपने झुंड को लेकर हाईवे से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए भेड़ों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बड़ी संख्या में भेड़ें कंटेनर के पहियों के नीचे आ गईं।
हादसे के बाद हाईवे पर भेड़ों के शव बिखर गए और कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही बुधनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभालते हुए यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने कंटेनर और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हादसे में भेड़ पालकों को बड़ी आर्थिक क्षति हुई है। पीड़ित भेड़ पालक रूपेश ने बताया कि उनकी और उनके साथियों की करीब 100 भेड़ों की मौत हुई है। पशुपालन ही उनके परिवारों की आजीविका का मुख्य साधन है। अचानक हुए इस नुकसान से परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पशुपालकों ने शासन-प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
