चंडीगढ़, 03 नवंबर । कांग्रेस के झूठतंत्र और दुष्प्रचार की राजनीति का जनता के बीच तथ्यों के साथ जवाब देने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा में अपनी पूरी संगठनात्मक ताकत झोंक दी है। हरियाणा दिवस पर रोहतक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की अगुवाई में आयोजित सफल पदयात्रा के बाद अब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने स्वयं मोर्चा संभाल रखा है। पांच नवंबर को करनाल में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में आयोजित होने वाली ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा तथा अंबाला में शहीद स्मारक के लोकार्पण के बाद प्रस्तावित विशाल जनसभा को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने के लिए वह लगातार तैयारियों की निगरानी कर रही हैं।
उल्लेखनीय है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के कार्यकाल में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह दूसरी बार हरियाणा आ रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने सोमवार को करनाल पहुंचकर आधा दर्जन संगठनात्मक बैठकों के साथ कार्यक्रम स्थल और पदयात्रा मार्ग का तीन बार निरीक्षण किया था। प्रदेशभर से पहुंचे वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठकों में कार्यक्रम की रूपरेखा, कार्यकर्ताओं की भागीदारी, संगठनात्मक समन्वय और विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद उन्होंने सेक्टर-12 स्थित कार्यक्रम स्थल से लेकर भाई मतीदास–भाई सतीदास छिब्बड़ चौक तक प्रस्तावित पदयात्रा मार्ग का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंगलवार को भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता की सक्रियता लगातार बनी रही। वह पहले अंबाला और उसके बाद करनाल पहुंचीं। अंबाला छावनी में उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर शहीद स्मारक के लोकार्पण समारोह तथा गांधी ग्राउंड में प्रस्तावित विशाल जनसभा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने आयोजन स्थल का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं को समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता दोबारा करनाल पहुंचीं। भाजपा जिला कार्यालय कर्ण कमल में उन्होंने प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की अलग-अलग टोलियों के साथ संवाद कर उनकी जिम्मेदारियां निर्धारित कीं। उन्होंने प्रत्येक व्यवस्था के लिए जवाबदेही सुनिश्चित करने और सभी कार्यों को आपसी समन्वय के साथ पूरा करने पर विशेष जोर दिया। इसके उपरांत उन्होंने सेक्टर-12 से भाई मतीदास–भाई सतीदास छिब्बड़ चौक तक पूरे पदयात्रा मार्ग का पैदल निरीक्षण किया तथा मौके पर मौजूद पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अंबाला और करनाल में होने वाले इन दोनों बड़े आयोजनों को सफल बनाने के लिए भाजपा अपनी संगठनात्मक क्षमता और अनुभव का व्यापक स्तर पर उपयोग कर रही है। प्रदेश कार्यकारिणी के वरिष्ठ पदाधिकारियों से लेकर विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं तक को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन राणा, प्रदेश महामंत्री गोपाल शर्मा और वेद फुल्ला सहित वरिष्ठ पदाधिकारी संगठनात्मक समन्वय और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के मार्गदर्शन में प्रदेश, जिला, मंडल और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की भूमिकाएं निर्धारित की जा रही हैं। प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारी और जवाबदेही सुनिश्चित की जा रही है, ताकि दोनों कार्यक्रमों का संचालन पूरी अनुशासनबद्धता और सुव्यवस्थित तरीके से हो सके। सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, स्वागत, जनभागीदारी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी लगातार समीक्षा की जा रही है। संगठन के अनुभवी पदाधिकारियों और समर्पित कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर कार्यक्रमों को सफल बनाने की रणनीति पर काम किया जा रहा है।
