पीएम बालेंद्र शाह की भारत यात्रा की तैयारियों के बीच बुधवार को नेपाल आएंगे भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्री

Share

काठमांडू, 02 नवंबर । भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्री प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की भारत यात्रा की तैयारियों के तहत बुधवार को दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर नेपाल पहुंचेंगे।

नेपाल के विदेश मंत्रालय के अनुसार भ्रमण के दौरान मिस्री नेपाल के विदेश सचिव अमृत राई के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। मंत्रालय ने बताया कि बातचीत में नेपाल-भारत संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी और आपसी हितों के मुद्दों पर विचारों के आदान-प्रदान का अवसर मिलेगा।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच दोनों देशों के लंबे समय से चले आ रहे घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत करने के उपायों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है। नेपाल भ्रमण के दौरान मिस्री नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह, विदेश मंत्री शिशिर खनाल सहित वरिष्ठ नेपाली अधिकारियों से शिष्टाचार मुलाकात भी करेंगे। दौरा पूरा करने के बाद वह गुरुवार को नई दिल्ली लौट जाएंगे।