रायबरेली, 30 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में लापता छात्रा की हत्या उसके ही पूर्व प्रेमी ने की थी। शुक्रवार को लापता छात्रा का शव मिलने से मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने हत्या के आरोप पूर्व प्रेमी को हिरासत में लिया है।
लालगंज थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि खीरो थाना क्षेत्र के नंदाखेड़ा गांव निवासी एक युवक गुजरात में काम करता हैं, जबकि उसका पूरा परिवार साकेत नगर मोहल्ले में रहता हैं। उसकी बेटी (16) बैसवारा इंटर कॉलेज की 11वीं की छात्रा थी। 14 दिन पूर्व वह अचानक लापता हो गई तो परिवार के लोगों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना में दर्ज कराई थी। पुलिस की खोजबीन के दौरान छात्रा की सहेली से पूछताछ में अहम सुराग मिले।
शुक्रवार को पुलिस ने लापता छात्रा के ही पूर्व प्रेमी लालगंज के नया मजरे मटेहना निवासी रौनक यादव को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर दतौली गांव में सूखी नहर के किनारे झाड़ियों से छात्रा का कंकाल और हत्या में प्रयुक्त चाकू-दुपट्टा भी बरामद कर लिया है। परिजनों ने कपड़े से छात्रा के कंकाल की पहचान की है।
