मौत के कुएं में स्टंट के दौरान बाइक में लगी आग, युवती झुलसी

Share

बर्मामाइंस दुर्गा पूजा मैदान में रविवार रात मेले के दौरान मौत के कुएं में बाइक से करतब दिखाना एक युवती के लिए खतरनाक साबित हुआ। तेज रफ्तार में स्टंट के दौरान अचानक बाइक में आग लग गई। देखते ही देखते मोटरसाइकिल आग की लपटों से घिर गई और करतब दिखा रही युवती झुलस गई। घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई। दर्शकों के बीच चीख-पुकार शुरू हो गई और लोग सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे। घायल युवती को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि बाइक जलकर खाक हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बर्मामाइंस दुर्गा पूजा मैदान में लगे मेले में रविवार रात मौत के कुएं का शो चल रहा था। करीब 20 फीट ऊंचे लकड़ी के ढांचे के भीतर युवती तेज रफ्तार से बाइक चला रही थी। कुएं के ऊपरी हिस्से में बने मंच पर खड़े दर्शक रोमांचक करतब का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान बाइक के इंजन के पास से धुआं और चिंगारी निकलने लगी। देखते ही देखते बाइक में आग भड़क उठी। आग के बीच संतुलन बनाए रखना मुश्किल होने पर युवती गिरकर झुलस गई।

हादसे के बाद दर्शकों में दहशत फैल गई। कई लोग वहां से निकलने की कोशिश करने लगे। कुएं के संचालक और कर्मचारियों ने पानी तथा मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। गनीमत रही कि आग लकड़ी के पूरे ढांचे में नहीं फैली, अन्यथा हादसा और गंभीर हो सकता था। आग बुझने तक बाइक बुरी तरह जल चुकी थी।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। मौत के कुएं जैसे जोखिम भरे खेल में आग से बचाव के उपकरण, आपातकालीन निकासी और मेडिकल सहायता की पर्याप्त व्यवस्था थी या नहीं, इसकी जांच जरूरी है। बाइक में आग लगने का वास्तविक कारण भी स्पष्ट नहीं हो सका है। तकनीकी खराबी या ईंधन रिसाव की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।