रायपुर, 26 अक्टूबर । छत्तीसगढ़ के रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाइवे 130 पर सोमवार सुबह लगभग साढ़े पांच बजे सड़क हादसा हो गया। बलौदाबाजार जिले के सिमगा थाना क्षेत्र के दरचुरा के पास तेज रफ्तार यात्री बस बस खड़े ट्रक में जा घुसी। घटना में 3 यात्रियों की मौत की जानकारी मिली है। जबकि 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों की शिनाख्त की जा रही है।
सिमगा पुलिस के अनुसार रॉयल ट्रेवल्स की बस (सीजी 04 एनएम 0859) सोमवार सुबह अंबिकापुर से यात्रियों को लेकर रायपुर के लिए निकली थी। अधिकतर यात्री नींद में थे। बस में करीब 22 यात्री सवार थे। सड़क पर तेज रफ्तार में दौड़ रही बस सुबह करीब 5:30 बजे दरचुरा के पास खड़े ट्रक में जा घुसी।
बताया गया है कि ट्रक के आसपास ड्राइवरों को सचेत करने के लिए ट्रैफिक कोन (चेतावनी संकेत) लगाए गए थे, लेकिन तेज रफ्तार बस का ड्राइवर शायद उन्हें देख नहीं पाया और बस सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। यात्रियों को संभलने का मौका भी नहीं मिल पाया। 3 लोगों की मौके पर ही मौत गई। वहीं 8 से 10 लोग गंभीर घायल हो गए हैं।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि यात्री बस में बुरी तरह फंस गए, जिन्हें बाद में गैस कटर की मदद से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही सिमगा थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत इलाज के लिए सिमगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। जहां उनका इलाज जारी है।वहीं मृतकों के शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घटना के बाद मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। फिलहाल पुलिस दोनों वाहनों को मार्ग से हटाकर किनारे कर रही है। ताकि यातायात अवरुद्ध न हो। पुलिस हादसे के कारणों की तलाश में जुटी है। उल्लेखनीय है कि रविवार को कोरिया जिले में चर्चा थाना क्षेत्र के नगर गांव के पास बस और बोलेरो में टक्कर हो गई। दुर्घटना में बोलेरो सवार महिला ने दम तोड़ दिया। वहीं चार बच्चों समेत 14 लोग घायल हुए। इससे पहले गुरुवार को मनेंद्रगढ़ से केल्हारी जा रही यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार बस सेमरमथानी मोड़ पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए।
