पलामू, 23 अक्टूबर । पलामू के एसपी कपिल चौधरी ने गुरुवार देर रात जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र के बसना गांव में घटनास्थल का जायजा लिया। बाद में सहिया गीता देवी के परिजनों से मिलकर संवेदना जताई और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया।
उल्लेखनीय है कि बसना गांव में 20 अक्टूबर की रात दुर्गा पूजा कार्यक्रम में शामिल होने गई सहिया गीता देवी पति शशि पासवान लापता हो गई थी। उसका शव अगले दिन उसके घर के समीप धान के खेत से बरामद हुआ था। महिला की गला दबाकर हत्या की गई थी। इस मामले में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है, जबकि आरोपित की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। मामले में पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम ने संज्ञान लिया है और पुलिस अधीक्षक को त्वरित कार्रवाई करने की बात कही है।
पुलिस अधीक्षक ने मामले में गंभीरता दिखाते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा मामले की समीक्षा की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा इस दुखद घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच की जा रही है। घटना में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधि-सम्मत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
एसपी ने कहा कि महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अनुसंधान के आधार पर चलेगा।
कांड के अनुसंधान में अभी तक पुलिस द्वारा कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल के निरीक्षण एवं कांड की समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच करने, उपलब्ध साक्ष्यों का वैज्ञानिक तरीके से संकलन करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में आवश्यक जांच करने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा जांच के निष्कर्षों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोषियों को कानून के दायरे में लाने के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा।
पलामू पुलिस आम नागरिकों से अपील की है कि घटना से संबंधित किसी भी प्रकार की विश्वसनीय जानकारी होने पर पुलिस को उपलब्ध कराएं, ताकि अनुसंधान में सहायता मिल सके।
