कटिहार, 20 अक्टूबर । मूर्ति विसर्जन और लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण व सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से नगर एवं सहायक थाना क्षेत्र के शहरी नदी घाटों तथा मनिहारी स्थित गंगा घाटों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों शीर्ष अधिकारियों ने घाटों की भौतिक स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में डीएम और एसपी ने घाटों पर सुरक्षा मानकों, नदी के जलस्तर, बैरिकेडिंग, पहुंच पथ, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई की समीक्षा की। अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। इसके तहत भीड़ प्रबंधन (क्राउड मैनेजमेंट), संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, नदी में खतरनाक स्थलों पर लाल झंडे लगाने और आपात स्थिति के लिए गोताखोरों व नावों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिला प्रशासन एवं कटिहार पुलिस ने बताया कि मूर्ति विसर्जन और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी प्रशासनिक व सुरक्षा तैयारियां समय पूर्व पूरी की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
