इंदौर, 20 अक्टूबर । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को विजयादशमी के पावन पर्व पर इंदौर पुलिस लाइन में आयोजित शस्त्र पूजन कार्यक्रम में सहभागिता कर शौर्य, पराक्रम और राष्ट्र रक्षा की गौरवशाली परंपरा का निर्वहन किया। इस अवसर पर उन्होंने अनेक नवाचारों की शुरुआत भी की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में मां कालका की आराधना की तथा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच परंपरागत तलवार, भाला सहित अत्याधुनिक एके-47 और अन्य अस्त्र-शस्त्रों का विधि-विधान से पूजन किया। उन्होंने इस अवसर पर पुलिस वाहन, अश्वों का पूजन करने के साथ शस्त्रागार का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम में उन्होंने कन्या पाद पूजन भी किया। कार्यक्रम में उन्हें महिला पुलिस दल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
पुलिस सेतु ऐप का शुभारंभ – 51 दो पहिया वाहनों के संचालन का शुभारंभ
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में पुलिस सेतु ऐप का शुभारंभ भी किया। जिसके माध्यम से नागरिक अपने स्थान के आधार पर संबंधित पुलिस थाने और ड्यूटी अधिकारियों की जानकारी प्राप्त कर उनसे सीधे संपर्क कर सकेंगे। इसके साथ ही होण्डा इंडिया फाउंडेशन द्वारा आइडियल ट्रैफिक सेफ सिटी परियोजना के तहत इंदौर पुलिस को उपलब्ध कराए गए 51 वाहनों को मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा फ्लैग ऑफ किया गया।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने होण्डा इंडिया फाउण्डेशन द्वारा सड़क सुरक्षा के संबंध में जनजागरूकता के लिये तैयार पोस्टर का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में इंदौर पुलिस द्वारा नशामुक्ति के क्षेत्र में जनजागरण के लिये किये गये कार्यों के संबंध में तैयार लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।
इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने विजयादशमी पर आयोजित इस शस्त्र पूजन कार्यक्रम में स्वागत भाषण देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में वर्ष 2024 से शस्त्र पूजन की गौरवशाली परंपरा से आमजन और जनप्रतिनिधियों को जोड़ा गया है। यह परंपरा देश की शौर्य, वीरता, बलिदान और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।
उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया कि इंदौर पुलिस कमिश्नरेट में 1721 पुलिसकर्मियों को पदोन्नति प्रदान की गई है, जबकि पूरे प्रदेश में पुलिस विभाग में 27500 से अधिक पदोन्नतियां हुई हैं।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि इंदौर पुलिस द्वारा अनेक नवाचार किये गये हैं। इसके बेहतर परिणाम मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि मध्यस्थता केंद्र में अब तक 1150 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें 85 प्रतिशत से अधिक का निराकरण किया गया है। इसके माध्यम से संबंधित पक्षों के बीच 7 करोड़ 82 लाख रुपये की राशि से जुड़े विवादों का आपसी सहमति से समाधान हुआ है। वहीं, सेफ क्लिक चैटबॉट के माध्यम से 17 हजार से अधिक नागरिक साइबर अपराधों के प्रति जागरूक हुए हैं।
उन्होंने बताया कि 19 ड्रोन से सुसज्जित डिस्ट्रिक्ट ड्रोन यूनिट का उपयोग बड़े आयोजनों, भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था की निगरानी में प्रभावी रूप से किया जा रहा है। नवरात्रि में महिलाओं की सुरक्षा के लिए 15 शक्ति मोबाइल तैनात की गईं, जिन्होंने देर रात से सुबह 4 बजे तक सक्रिय रहकर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षित घर वापसी में सहायता की। इंदौर की गौरवशाली अनंत चतुर्दशी चल समारोह परंपरा को और व्यवस्थित एवं भव्य बनाने के लिए पहली बार अखाड़ा गौरव सम्मान पुरस्कार प्रारंभ किए गए। पुलिस कमिश्नर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मार्गदर्शन में इंदौर पुलिस तकनीक, नवाचार और जनकल्याण के माध्यम से नागरिकों को बेहतर पुलिसिंग एवं सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
समारोह के दौरान सशस्त्र पुलिस बल के बैंड ने धार्मिक गीतों और भजनों की मधुर प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों से समारोह स्थल भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार, आईजी अनुराग, कलेक्टर शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, मालिनी गौड़, मधु वर्मा, महेंद्र हार्डिया, उषा ठाकुर, सुमित मिश्रा, श्रवण चावड़ा, गौरव रणदीवे, सावन सोनकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
