शक्तिपीठ देवीपाटन में चल रहे विशेष पूजन का हुआ समापन, विश्व कल्याण को लेकर चल रहा था पूजन

Share

शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन से विश्व कल्याण और सर्वे भवन्तु सुखिनः की मंगलकामना के साथ चल रहे विशेष पूजन का रविवार को अष्टमी तिथि पर विधि-विधान के साथ पूर्णाहुति के साथ सम्पन्न हुआ ।

मंदिर के पीठाधीश्वर के निर्देशन में इस वर्ष भी वैदिक परंपरा के अनुसार विशेष पूजन-अर्चन का आयोजन किया गया। इसमें 11 वैदिक पुरोहितों ने मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया।

पीठाधीश्वर महंत मिथिलेश नाथ योगी महाराज ने संतों व वैदिक ब्राह्मणों के साथ पूजन करते हुए नवरात्रि के प्रथम दिन से चल रहे विशेष पूजन की पूर्णाहुति की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूजन में मंदिर के कोठारी याद नाथ योगी, भाजपा नेता विशाल मिश्रा,सर्वेश सिंह, अरुण गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

उल्लेखनीय है कि देवीपाटन शक्तिपीठ में नवरात्र के दौरान विश्व कल्याण को लेकर प्रत्येक वर्ष नौ दिनों तक विशेष पूजन की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। पीठाधीश्वर महंत मिथिलेशनाथ योगी के निर्देशन में प्रत्येक नवरात्र पर वैदिक ब्राह्मणों द्वारा विशेष अनुष्ठान कराया जाता है। इसका उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ ही लोककल्याण, सुख-शांति और समस्त जीवों के कल्याण की भावना को प्रबल करना है।