स्वीडन की कंपनियों के लिए लाभदायक होंगे हरियाणा के 18 ड्राईपोर्ट : नायब सैनी

Share

चंडीगढ़, 15 अक्टूबर । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वीडन सरकार के अंतरराष्ट्रीय विकास सहयोग एवं विदेश व्यापार मंत्री बेंजामिन दौसा से मुलाकात की। इस बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने भारत-स्वीडन द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने तथा हरियाणा में सहयोग के नए आयाम तलाशने पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मई 2025 में भारत और स्वीडन ने अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया था। आने वाले पांच वर्षों में दोनों देशों ने आपसी व्यापार और निवेश को दोगुना करने का लक्ष्य रखा है।

सैनी ने बताया कि वर्तमान में भारत में बहुत सारी स्वीडिश कंपनियां कार्यरत हैं। उन्होंने शिक्षा, स्किल डेवलपमेंट और ऊर्जा क्षेत्र में दोनों पक्षों के बीच मिलकर आगे बढऩे की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से हरियाणा में उपलब्ध 18 ड्राई पोट्र्स का जिक्र करते हुए कहा कि इन पर स्वीडन के साथ मिलकर कार्य करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।

स्वीडिश मंत्री बेंजामिन दौसा ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और हरियाणा के साथ मिलकर भविष्य की योजनाओं पर सहमति जताई। मुख्यमंत्री ने दौसा को ‘हैपनिंग हरियाणा’ समारोह के लिए भी आमंत्रित किया। इस अवसर पर शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल भी साथ में उपस्थित रहे।