नेरवा में दो खाली मकानों के ताले तोड़कर लाखों का सामान चुराया, एफआईआर

Share

शिमला, 13 अक्टूबर । शिमला जिले के नेरवा थाना क्षेत्र में तारशानू पुल के पास स्थित दो खाली मकानों के ताले तोड़कर बिजली की तारें, फिटिंग, गीजर, नल और अन्य सामान चोरी करने का मामला सामने आया है। चोरी की यह घटना 8 और 9 अक्तूबर की मध्यरात्रि की बताई गई है। एक मकान से चोरी हुए सामान की कीमत करीब 70 हजार रुपये आंकी गई है, जबकि इस मकान में हुए नुकसान का अनुमान करीब 3.50 लाख रुपये लगाया गया है। दूसरे मकान से भी करीब 15 हजार रुपये की बिजली की तारें चोरी हुई हैं।

पुलिस के अनुसार इस मामले में नेरवा निवासी दिनेश अमराटे पुत्र धनी राम अमराटे की लिखित शिकायत पर पुलिस थाना नेरवा में मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि तारशानू पुल के पास उसके चचेरे भाई प्रेम अमराटे और गौरी शंकर के बेटे शिवा के मकान स्थित हैं। दोनों मकान खाली रहते हैं।

शिकायत के अनुसार अज्ञात व्यक्ति ने 8 और 9 अक्तूबर की मध्यरात्रि दोनों मकानों के ताले तोड़कर चोरी की। प्रेम अमराटे के मकान से बिजली की तारें, फिटिंग, एक गीजर, नल और अन्य फिटिंग का सामान चोरी हुआ है। इस मकान से चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत 70 हजार रुपये बताई गई है। मकान में हुए नुकसान का आकलन करीब 3.50 लाख रुपये किया गया है। वहीं, शिवा के मकान से करीब 15 हजार रुपये की बिजली की तारें चोरी होने की बात शिकायत में कही गई है।

शिकायतकर्ता ने तारशानू निवासी एक व्यक्ति पर संदेह जताया है। शिकायत के अनुसार उसे दोनों मकानों के आसपास घूमते हुए देखा गया था। हालांकि, चोरी में उसकी संलिप्तता की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

नेरवा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4), 305(ए) और 324(5) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।