जयपुर, 13 अक्टूबर । राजस्थान में पिछले दिनों हुई आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मंगलवार को कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। वहीं, 14 और 15 अक्टूबर को नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के 16 जिलों में तेज बारिश और आंधी का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम में बदलाव का असर 16 अक्टूबर तक रहने की संभावना है।
पिछले चार दिनों से मौसम में आए बदलाव के कारण प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट आ रही है। प्रदेश के 10 जिलों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। सोमवार रात सिरोही में सबसे कम 16.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा, जबकि उदयपुर में रात का तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे रात और सुबह के समय हल्की ठंडक महसूस होने लगी है।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में आंधी और बारिश हो सकती है। पूर्वानुमान के मुताबिक 14 अक्टूबर को पांच जिलों और 15 अक्टूबर को 11 जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान कुछ स्थानों पर मौसम का असर अधिक दिखाई दे सकता है।
हालांकि, प्रदेश में दिन के समय गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है। पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा और दिनभर धूप खिली रही।
पिलानी, बाड़मेर, चूरू और जोधपुर सहित कुछ शहरों में अधिकतम तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हुई।
सोमवार को पिलानी में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
प्रदेश में फिलहाल दिन और रात के मौसम में अंतर बना हुआ है। दिन में तेज धूप और गर्मी महसूस हो रही है, जबकि रात के समय तापमान गिरने से हल्की सर्दी का अहसास होने लगा है। आगामी दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आंधी, बारिश और तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
