अतुल्य फाउंडेशन और पुलिस की पहल: रन अगेंस्ट ड्रग्स मिनी मैराथन का आयोजन

Share

हरिद्वार, 11 अक्टूबर ।अतुल्य फाउंडेशन और हरिद्वार पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को “रन अगेंस्ट ड्रग्स” मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। नशे के खिलाफ जागरूकता के उद्देश्य से हुई इस 6 किमी मैराथन में स्कूली बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों और स्वयंसेवी संस्थाओं के हजारों प्रतिभागियों ने उत्साह से भाग लिया। मैराथन शुरू होने से पूर्व सभी ने स्वयं नशे से मुक्त रहकर समाज व देश को नशा मुक्त बनाने की शपथ ली।

मैराथन को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मेयर किरण जैसल, एसपी सिटी दीपक सिंह, एकम्स उद्योग से संबद्ध हेल्थ एंड एजुकेशन सोसाइटी की सचिव अर्चना जैन और प्रज्ञा दीक्षित ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। धावक रानीपुर मोड़, आर्य नगर, ज्वालापुर रेलवे स्टेशन, भगत सिंह चौक, टिबड़ी अंडरपास और पुराना रानीपुर मोड़ होते हुए वापस ऋषिकुल मैदान पहुंचे।

फ्लैग ऑफ करने से पूर्व जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि नशा समाज के लिए अभिशाप है, यह अपराध को जन्म देता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने की मुहिम में समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है।

मेयर किरण जैसल ने युवाओं से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। एकम्स हेल्थ एंड एजुकेशन सोसाइटी की सचिव अर्चना जैन ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से नशामुक्ति अभियान मजबूत होगा। नशा युवा पीढ़ी को अंधकार में धकेल रहा है, इस पर सामूहिक प्रयास से ही अंकुश लगेगा।

पांच श्रेणियों में विभाजित किए गए प्रतिभागियों में से प्रोफेशनल वर्ग में सागर पाल प्रथम, यश कुमार द्वितीय, नितिन कुमार तृतीय स्थान पर रहे। सीनियर सिटीजन वर्ग में मुनीराम प्रथम, विनीत जेलान द्वितीय व योगेंद्र ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में शिवांगी प्रथम, अंजलि द्वितीय, राधिका तीसरे स्थान पर रही। अंडर-14 बालक वर्ग में ललित प्रथम, सुमित द्वितीय, शुभम तृतीय रहे जबकि 14 से 45 पुरूष आयु वर्ग में सतेंद्र प्रथम, कार्तिक द्वितीय और विकास ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रत्येक वर्ग में प्रथम 10 प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया जिनमें से तीन प्रतिभागियों को मेडल तथा शेष को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।

मैराथन में रुड़की के 70 वर्षीय उमेश भटनागर और उनकी 5 वर्षीय पोती दीया भटनागर आकर्षण का केंद्र रहे, दोनों ने निर्धारित दौड़ पूरी की।

आयोजन में अतुल्य फाउंडेशन के अध्यक्ष महावीर नेगी, वरिष्ठ पत्रकार रूपेश वालिया, विशाल गोस्वामी, ओमप्रकाश, आदित्य गोस्वामी, प्रेस क्लब महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल, अश्वनी अरोरा, मुदित अग्रवाल सहित प्रगति भारत सेवा संस्थान, स्वामी विवेकानंद सेवा संस्थान और देवभूमि बधिर एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे। मैराथन के शुभारंभ व समापन कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार डॉ. रजनीकांत शुक्ल ने किया।