काठमांडू, 11 अक्टूबर । नेपाल की बूढ़ीगंडकी नदी में आई बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में नेपाली सेना ने अब तक 49 लोगों का रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। नेपाली सेना ने रविवार दोपहर जारी बयान में यह जानकारी दी।
सेना के मुताबिक, 11 अक्टूबर को बूढ़ीगंडकी नदी में आई बाढ़ के बाद राहत एवं बचाव कार्य के लिए एमआई-17 समेत चार हेलिकॉप्टर और जमीनी रास्ते से सैन्यकर्मियों को तैनात किया गया है।
अब तक जगत से गोरखा तक 6 लोगों, फिलिम से हुल्चुक तक 4 लोगों (एक शिशु सहित), यारु से हुल्चुक तक 15 लोगों (दो बच्चों और एक विदेशी नागरिक सहित), हुल्चुक से फिलिम तक 1 व्यक्ति, नामरुंग से फिलिम तक 2 लोगों, न्याकफेदी से न्याकडाँडा तक 9 लोगों और पायु से सल्लेरी (नयांबस्ती) तक 12 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है।
नेपाली सेना ने बताया कि अन्य सुरक्षा एजेंसियों और संबंधित पक्षों के साथ समन्वय कर प्रभावित क्षेत्रों में खोज एवं बचाव अभियान जारी है।
