पलामू, 30 सितंबर । झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर बोर्ड ऑफ विज़िटर और डालसा के संयुक्त टीम ने बुधवार को केंद्रीय कारा मेदिनीनगर का निरीक्षण किया।
पलामू के प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राज कुमार मिश्रा की अगुआई में जिला पंचायती राज पदाधिकारी दानवीर लकड़ा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश यादव, डालसा सचिव सौरभ कुमार गौतम, व्यवहार न्यायालय के निबंधक कमल प्रकाश, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के चीफ अमिताभ चन्द सिंह, डिप्टी चीफ संतोष कुमार पाण्डेय ने निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने बैरक, महिला वार्ड, मुलाकाती सहायता केंद्र, मेडिकल वार्ड, कीचन, स्टोर रूम, लाइब्रेरी, प्रिंटिंग प्रेस, कपड़ा बुनाई का जायजा लिया। साथ ही कैदियो को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सा व्यवस्था का आकलन किया। टीम ने साफ सफाई, पेयजल, शौचालय, पुस्तकालय, सुरक्षा व्यवस्था और कैदियों से सम्बंधित व्यवस्थाओ की समीक्षा की। टीम के लोगों ने बन्दियों से मुकदमे के बारे में पैरवी के लिए अधिवक्ता के बारे में भी जानकारी ली।
प्रभारी पीडीजे राज कुमार मिश्रा ने कहा कि कोई भी बन्दी बिना अधिवक्ता के नहीं रहे। डालसा सभी को मुफ्त अधिवक्ता उपलब्ध करा रहा है। कोई समस्या हो तो जेल पीएलवी के माध्यम से आप अपनी समस्या लिखवाकर डालसा में भेज सकते हैं। टीम के लोगों ने यह भी परखा की सरकार की ओर से निर्धारित मानक मेन्यू के तहत लोगों को भोजन दिया जा रहा है या नहीं।
महिला वार्ड में बन्द महिला बन्दियों से भी टीम के लोगों ने मुलाकात की और उनकी समस्या से रूबरू हुए। टीम ने महिला बन्दियों के साथ छोटे बच्चों को बिस्किट और टॉफी दी।
मौके पर काराधीक्षक प्रभात कुमार, कारापाल देवनाथ राम के अलावा लीगल एड डिफेंस काउंसिल के असिस्टेंट वीर विक्रम वक्स राय, पुष्कर राज सहित अन्य उपस्थित थे।