जूनियर महिला एशिया कप की दो खिलाड़ियों को उपायुक्त ने किया सम्मानित

Share

खूंटी, 30 सितंबर । चीन के मोकी में आयोजित जूनियर महिला एशिया कप 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 01-0 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। विजेता भारतीय टीम में खूंटी जिले की दो प्रतिभाशाली खिलाड़ियों बिनिमा धान और रोशनी आईंद ने भी प्रतिनिधित्व किया। दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि से जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है।

कर्रा प्रखंड के गोविंदपुर गांव की बिनिमा धान और तोरपा प्रखंड के उयूर गुड़िया की रोशनी आईंद की इस उपलब्धि पर उपायुक्त मो जावेद हुसैन ने बुधवार को दोनों खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उपायुक्त ने उन्हें मोमेंटो, शॉल और पुष्पगुच्छ देकर उनकी सफलता पर शुभकामनाएं दीं।खिलाड़ियों के प्रारंभिक प्रशिक्षण और प्रतिभा को निखारने में योगदान देने वाले ग्रासरूट प्रशिक्षक बेन्यामिन होरो एवं हेमंत आईंद को भी शॉल तथा पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। वहीं वर्तमान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं प्रशिक्षक करुणा पूर्ति को भी सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर उपायुक्त ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि वे निरंतर मेहनत और लगन के साथ खेल में आगे बढ़ें और चुनौतियों का डटकर सामना करें। उन्होंने बेहतर प्रदर्शन कर जिला, राज्य और देश का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं देते हुए जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

दोनों खिलाड़ियों ने उपायुक्त के साथ अपने अनुभव साझा किए और खेल से जुड़ी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी दी। उपायुक्त ने उनके समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।