खूंटी, 28 सितंबर । अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से सोमवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में पदयात्रा निकाली गई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि मिश्रा के नेतृत्व में एसएस स्कूल के समीप से शुरू हुई पदयात्रा बाजारटांड़ होते हुए समाहरणालय पहुंची।
पदयात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ जैसे नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी भी की।
समाहरणालय पहुंचने के बाद जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई।
मौके पर रवि मिश्रा ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग केंद्र सरकार के दबाव में काम कर रहा है और लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने संवैधानिक पद की गरिमा के कथित दुरुपयोग का भी विरोध किया।
पदयात्रा में जिला प्रभारी चैतू उरांव, विधानसभा प्रभारी हिमांशु राय, पीटर मुंडू, प्रदेश सचिव रामकृष्ण चौधरी, नईमुद्दीन खान, देवजीत देवधरिया, विलसन तोपनो सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। ———–