बलरामपुर, 24 सितंबर । सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में 25 सितंबर से 6 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ का आयोजन किया जाएगा। अभियान के दौरान कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने जिलेवासियों से घरों में अनुपयोगी पड़े खिलौने नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्रों में दान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी घर में लंबे समय से रखे खिलौने आंगनबाड़ी के बच्चों के लिए खुशी और सीखने का माध्यम बन सकते हैं।
कलेक्टर ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। खिलौनों के माध्यम से बच्चों के सीखने और मानसिक विकास को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान के दौरान अपने नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर गतिविधियों में सहभागिता करने का आग्रह किया।
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी रमाकांत चंद्राकर ने बताया कि जिले के सभी 2,376 आंगनबाड़ी केंद्रों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें हितग्राही माताएं, स्व-सहायता समूह की महिलाएं, अभिभावक और स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यक्रमों में पोषण, स्वास्थ्य और महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ‘मेरी पौष्टिक थाली’ का प्रदर्शन और व्यंजन विधि प्रदर्शनी भी होगी।
आयोजन के दौरान बच्चों के लिए खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और चित्रकला प्रतियोगिता होगी। बच्चों को फल और मिठाई वितरित की जाएगी। स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता में दो स्वस्थ एवं सुपोषित शिशुओं और उनकी माताओं का सम्मान किया जाएगा। महतारी वंदन योजना की राशि का उपयोग बच्चों और परिवार के पोषण पर करने वाली दो माताओं को ‘पोषण शक्ति सम्मान’ दिया जाएगा।
आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण वाटिका के लिए पौधारोपण और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से महिलाओं, बच्चों एवं गर्भवती माताओं की स्वास्थ्य जांच भी की जाएगी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों के साथ केंद्रों को सहयोग देने वाले स्थानीय नागरिकों का भी सम्मान किया जाएगा। आज गुरुवार को अभियान की तैयारियों के संबंध में जानकारी साझा करते हुए विभाग ने लोगों से अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की है।