ग्राम पंचायतों में लग रहे सेवा सेतु शिविर, ग्रामीणों को मिल रही शासकीय सेवाओं की सुविधा

Share

बलरामपुर, 24 सितंबर । सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले की ग्राम पंचायतों में ‘सेवा सेतु अभियान सरकार आपके द्वार’ के अंतर्गत निर्धारित दिवस पर शिविर लगाए जा रहे हैं। आज गुरुवार को भी विभिन्न पंचायतों में आयोजित शिविरों में ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देने के साथ उनके आवेदन लिए गए।

कलेक्टर रेना जमील एवं जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र पाटले के मार्गदर्शन में आयोजित इन शिविरों में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंच रहे हैं। कर्मचारियों द्वारा संबंधित सेवाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी जा रही है। शिविरों में प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजकर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

गांव में ही शिविर लगने से ग्रामीणों को शासकीय कार्यों के लिए दूर स्थित कार्यालयों तक जाने की जरूरत कम हो रही है। इससे समय और आने-जाने का खर्च बच रहा है। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और दूरस्थ क्षेत्रों के ग्रामीणों को इसका लाभ मिल रहा है। वहीं आवश्यक जानकारी या दस्तावेजों के अभाव में आवेदन नहीं कर पाने वाले लोगों को भी मौके पर प्रक्रिया समझाई जा रही है।

सेवा सेतु शिविर प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधे संवाद का माध्यम बन रहे हैं। ग्रामीण मौके पर मौजूद कर्मचारियों से अपनी शंकाओं का समाधान भी कर पा रहे हैं। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में आयोजित शिविरों में आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर उपलब्ध शासकीय सेवाओं और योजनाओं का लाभ लें।