रांची, 23 सितंबर ।रांची में चेन स्नेचिंग की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं पूर्व में घटित घटनाओं के त्वरित उद्भेदन को लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में बुधवार रात एक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात, सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली, प्रोबेशनर पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक नगर, पुलिस उपाधीक्षक सदर एवं सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक में चेन स्नेचिंग की घटनाओं के पैटर्न, अपराधियों के संभावित आवागमन मार्ग, संवेदनशील स्थानों तथा तकनीकी साक्ष्यों की समीक्षा करते हुए अपराध नियंत्रण के लिए निम्न निर्देश दिए गए।
चेन स्नेचिंग के हॉटस्पॉट एवं संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां नियमित एवं प्रभावी पुलिस गश्ती तथा सादे लिबास में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
पूर्व में घटित चेन स्नेचिंग की घटनाओं का केसवार एवं स्थानवार विश्लेषण कर घटनाओं के पैटर्न, अपराधियों के संभावित रूट एवं एग्जिट प्वाइंट चिन्हित कर घटनास्थल एवं संभावित मार्गों पर उपलब्ध सीसीटीवी कैमरों की समीक्षा कर फुटेज का व्यवस्थित विश्लेषण किया जाए। जहां सीसीटीवी उपलब्ध नहीं हैं, वहां स्थानीय स्तर पर सीसीटीवी अधिष्ठापन को प्रोत्साहित किया जाए।
अपराधियों के संभावित रूट पर प्रभावी पुलिस बल की तैनाती एवं वाहन चेकिंग सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यकता के अनुसार संबंधित स्थानों पर विशेष बल की प्रतिनियुक्ति की जायेगी।
चेन स्नेचिंग के मामलों के त्वरित उद्भेदन के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। टेक्निकल सेल को सीसीटीवी, मोबाइल एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के माध्यम से अपराधियों की पहचान एवं उनके नेटवर्क का पता लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
पूर्व में चेन स्नेचिंग अथवा समान प्रकृति के अपराधों में संलिप्त रहे अपराधियों की प्रोफाइलिंग एवं सत्यापन किया जा रहा है। साथ ही जेल से बाहर आए अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।