अनूपपुर, 21 सितंबर । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के भालूमाड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह फ्लाई ऐश का परिवहन कर रहे एक वाहन की चपेट में आने से दो मवेशी घायल हो गए। इस दौरान एक मवेशी का पैर कटकर अलग हो गया।
घटना के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने केवई नदी पुल पर चक्काजाम कर धरना शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने ओवरलोड भारी वाहनों पर कार्रवाई और नागरिकों की सुरक्षा की मांग की है। जिस पर थाना प्रभारी भालूमाडा राधिका भगत ने त्वरित कार्यवाई करते हुए वाहन की पहचान कर कब्जे लेकर कार्यवाही की बात पर भाजपा कार्यकर्ताओं धरना समाप्त किया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह केवई नदी पुल के पास कुछ मवेशी घूम रहे थे। इसी दौरान फ्लाई ऐश परिवहन कर रहे वाहन की चपेट में आने से दो मवेशी घायल हो गए। एक मवेशी के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद घायल मवेशी सड़क पर पड़े रहे। घटना की सूचना मिलने के बाद भाजपा मंडल पसान के अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह समेत कई कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने पुल पर सड़क जाम कर दिया, जिससे भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। कार्यकर्ताओं ने मवेशियों को घायल करने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान कर संबंधित कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही घायल मवेशियों के इलाज और उनके मालिकों को नियमानुसार मुआवजा देने की मांग रखी।
सूचना मिलने पर भालूमाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं से बातचीत की। कार्यकर्ताओं ने फ्लाई ऐश परिवहन में लगे भारी वाहनों की गति और ओवरलोडिंग पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन मिलने तक धरना जारी रखने की बात कही।
थाना प्रभारी भालूमाडा राधिका भगत ने बताया कि 4 वाहनो को पकडा गया हैं चालक की पहचान कर हादसे की वजह और मामले की कार्रवाई की जा रहीं हैं।