उत्तर पश्चिम रेलवे ने 18,664 जल टैंकों की सफाई की

Share

जयपुर, 20 सितंबर । उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा यात्रियों को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 17 अगस्त से सभी जल टैंकों की सफाई शुरू की गई, जिसके तहत अब तक 18,664 जल टैंकों की सफाई की जा चुकी है।

अभियान के दौरान जल की गुणवत्ता की नियमित जांच भी की जा रही है। अब तक 5,014 अवशिष्ट क्लोरीनीकरण परीक्षण, 670 जैविक परीक्षण और 327 रासायनिक परीक्षण किए गए हैं।

रेलवे द्वारा सभी ओवरहेड और भूमिगत जल टैंकों को उचित रूप से ढकना सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि बाहरी गंदगी और दूषित पदार्थों से पेयजल सुरक्षित रहे। खुले एवं अन्य जल स्रोतों को भी लोहे की जाली या नेटिंग से ढकने की व्यवस्था की जा रही है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के अनुसार अभियान के तहत जल स्रोतों की स्वच्छता, जल गुणवत्ता की नियमित निगरानी और सुरक्षित भंडारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि यात्रियों को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।