डूसू चुनाव के नतीजे पर भाजपा का राहुल गांधी पर वार, कहा- नकारात्मक राजनीति के लिए देश में कोई जगह नहीं

Share

नई दिल्ली, 19 सितंबर । दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की जीत के बाद भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक सिद्धार्थ यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एबीवीपी की जीत दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों का स्पष्ट और बड़ा जनादेश है।

सिद्धार्थ यादव ने भाजपा मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि चुनाव परिणामों में राहुल गांधी, कांग्रेस और उनके छात्र संगठन एनएसयूआई को दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों ने एक बड़ा शून्य देने का काम किया है।

तीन पदों- अध्यक्ष, सचिव और सह सचिव के पद पर एबीवीपी का उम्मीदवार विजयी हुआ। यहां तक कि उपाध्यक्ष पद पर छात्रों ने एनएसयूआई को पसंद न करके निर्दलीय के साथ जाना पसंद किया।

ये साफ दर्शाता है कि राहुल गांधी की जो झूठ-फरेब और प्रोपेगेंडा की राजनीति है, उस दुकान का शटर आज दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों ने डाउन कर दिया।

डूसू चुनाव दुनिया के सबसे बड़े छात्रसंघ चुनावों में से एक है और यह राहुल गांधी की राजनीति के लिए ‘लिटमस टेस्ट’ की तरह था। उनके मुताबिक, इस चुनाव के परिणाम राहुल के लिए ‘रियलिटी चेक’ हैं।

उन्होंने कहा कि यह जनादेश बिलकुल स्पष्ट कर देता है कि दिल्ली विश्विद्यालय के छात्र और देश का युवा राष्ट्रवादी विचार के साथ प्रचंड बहुमत के साथ खड़ा है, वो परिषद के सेवाभाव के साथ खड़ा है और वह नकारात्मकता की राजनीति को रिजेक्ट करता है।

———–