जालंधर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक बदमाश को पकड़ा, पिस्तौल बरामद

Share

जालंधर, 12 सितंबर । जालंधर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश को टांग में गोली मारकर गिरफ्तार किया है। वह गैंगस्टर डोनी बल गिरोह से जुड़ा हुआ है और किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था।

पुलिस ने बताया कि तरनतारन निवासी सुखजिंदर सिंह उर्फ प्रिंस को सीसीटीवी की फुटेज के आधार पर गिरफ्तार किया गया था। शनिवार सुबह करीब 8 बजे पूछताछ के बाद पुलिस उसे हथियार की बरामदगी के लिए जमशेरपुर स्थित डेयरी कॉम्प्लेक्स के पास लेकर पहुंची थी। इसी दौरान उसने पुलिस को चकमा देकर मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि भागते समय उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान कुल तीन गोलियां चलने की बात सामने आई है। फायरिंग में आरोपित की टांग में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल जालंधर में भर्ती करवाया।

मौके की जांच के दौरान पुलिस को गोली का एक खोल भी बरामद हुआ है। इसके अलावा आरोपित के कब्जे से एक पिस्तौल बरामद किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस अब बरामद हथियार और मौके से मिले सबूतों की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपित को पहले एक वारदात में शिनाख्त के लिए लाया गया था। पूछताछ और जांच के दौरान उसके किसी आगामी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में होने की बात सामने आई। मामले में पुलिस की जांच जारी है।