अनूपपुर: छत्तीसगढ़ का गांजा तस्कर 45 हजार का 3 किलो गांजा सहित पकड़ाया

Share

अनूपपुर, 12 सितंबर । मध्य प्रदेश के अनूपपुर के चचाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने शनिवार को 3.16 किलोग्राम गांजे के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी छत्तीसगढ़ से गांजा लेकर आया था और रेलवे लाइन किनारे सब एरिया स्कूल के पीछे शिव मंदिर के पास बैठकर किसी का इंतजार कर रहा था। पुलिस ने उसके बैग से गांजा जब्त किया, जिसकी कीमत करीब 45 हजार रुपए बताई गई है।

थाना प्रभारी फूलवती अहिरवार ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बैग लेकर गांजा बेचने के लिए किसी का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शिव मंदिर के पास दबिश दी। मौके से पुलिस ने संदिग्ध 36 वर्षीय जेम्स विलियम पाल को हिरासत में लिया। वह जबलपुर के लक्ष्मीबाई वार्ड, बिलहरी का रहने वाला है।

पुलिस ने आरोपी के बैग की तलाशी ली तो उसमें कागज में लिपटे गांजे के तीन पैकेट मिले। वजन करने पर कुल 3 किलो 16 ग्राम गांजा मिला। इसकी कीमत करीब 45 हजार रुपए बताई गई है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह छत्तीसगढ़ से गांजा लेकर आया था। इसे अनूपपुर में किसी स्थानीय व्यक्ति को देना था। पुलिस अब उस व्यक्ति समेत तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/20 बी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जहां से जिला जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी फूलवती अहिरवार, उप निरीक्षक डीएस बागरी, एएसआई नागेश सिंह समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।